संगठन की मजबूती और आगामी लक्ष्यों पर हुआ मंथन

सहकार भारती का पांच जिलों का अभ्यास वर्ग मंडला में संपन्न

संगठन की मजबूती और आगामी लक्ष्यों पर हुआ मंथन

  • धार्मिक नगरी मंडला में जुटे पांच जिलों के सहकार भारती पदाधिकारी
  • नर्मदा पूजन के साथ हुई अभ्यास वर्ग की शुरुआत

मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की आनुसांगिक इकाई ‘सहकार भारती’ का एक दिवसीय अभ्यास वर्ग रविवार, 12 अप्रैल 2026 को माहिष्मति नगरी मंडला में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सिवनी विभाग के अंतर्गत आने वाले पांच जिलों—बालाघाट, छिंदवाड़ा, पांढुरना, मंडला और सिवनी के जिला पदाधिकारियों ने इस वर्ग में सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम की शुरुआत से पूर्व बाहरी जिलों से आए पदाधिकारियों ने पुण्य सलिला मां नर्मदा का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया।

पारंपरिक रीति से हुआ शुभारंभ

अभ्यास वर्ग का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश संगठन मंत्री राधेश्याम जलछत्री, सिवनी विभाग प्रमुख अन्नपूर्णा तिवारी और आरएसएस जिला संघचालक हीरानंद चंद्रवंशी द्वारा भारत माता एवं संस्थापक लक्ष्मणराव ईनामदार के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। प्रथम सत्र में सहकार भारती गीत और परिचय के साथ सभी 39 पदाधिकारियों को अध्ययन सामग्री वितरित की गई। मंडला जिला अध्यक्ष रंजीत कछवाहा ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

संगठन विस्तार और दायित्व बोध पर चर्चा

द्वितीय और तृतीय सत्र में संगठन की मूलभूत जानकारी और ‘दायित्व बोध’ विषय पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रदेश संगठन मंत्री राधेश्याम जलछत्री ने बताया कि किस तरह एकजुटता और नियमित पहल से संगठन अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकता है। इस दौरान छिंदवाड़ा और सिवनी की जिला कार्यकारिणी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया।

मंडला जिला कार्यकारिणी की नई नियुक्तियां

अंतिम सत्र में प्रदेश कार्यकारिणी द्वारा मंडला जिले के लिए नई नियुक्तियों की घोषणा की गई, जिसमें प्रमुख रूप से:

  • जिला संगठन प्रमुख: बी.के. राय
  • जिला उपाध्यक्ष: भोला राय एवं योगेश चंद्रौल
  • जिला मंत्री: वीरेंद्र वर्मा “बीरू”
  • जिला महिला सह-प्रमुख: गंगोत्री बड़गैया
  • जिला कार्यकारिणी सदस्य: ममता साहू एवं बबीता अधिकारी

आगामी भोपाल सम्मेलन की रूपरेखा

जिला महामंत्री अखिलेश सोनी ने जानकारी दी कि आगामी 17 मई को भोपाल के “समन्वय भवन” में प्रदेश स्तरीय सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें सिवनी विभाग के पांचों जिलों से सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी मातृशक्तियों की बड़ी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्ययोजना बनाई गई है। कार्यक्रम का सफल संचालन मनीष पांडे (जिला अध्यक्ष, सिवनी) ने किया और आभार प्रदर्शन बी.के. राय द्वारा किया गया।



Leave a Comment