नैनपुर में नरवाई की भीषण आग का तांडव
15 एकड़ क्षेत्र जलकर खाक
- किसानों ने ट्रैक्टरों की मदद से पाया काबू
- वेयरहाउस के पास भड़की आग
- तेज हवाओं ने मचाई अफरा-तफरी
- किसानों की सूझबूझ से टला बड़ा नुकसान
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के नैनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रविवार को खेतों में नरवाई की भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना निवारी और मक्के गांव के बीच स्थित पुष्पा वेयरहाउस के समीप की है। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते इसने लगभग 15 एकड़ क्षेत्र में फैली नरवाई को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आसमान में धुएं का गुबार छा गया।
तेज हवाओं ने बढ़ाई मुश्किल
जानकारी अनुसार आग की शुरुआत राकेश ठाकुर के खेत से हुई थी। उस समय चल रही तेज हवाओं के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के खेतों की ओर फैलने लगी। आग को बढ़ता देख स्थानीय किसानों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। गनीमत यह रही कि अधिकांश खेतों में फसल की कटाई पहले ही हो चुकी थी, अन्यथा आग खड़ी फसल को भी अपनी चपेट में ले सकती थी।
किसानों ने ट्रैक्टरों से बनाई सुरक्षा घेरा
आग की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। दमकल विभाग का इंतजार किए बिना किसानों ने अपनी सूझबूझ का परिचय दिया। ग्रामीणों ने ट्रैक्टरों की मदद से आग प्रभावित क्षेत्र के चारों ओर जुताई कर सुरक्षा घेरा (फायर लाइन) बनाया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जांच में जुटा प्रशासन
आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुँची और नुकसान का जायजा लिया। अधिकारियों का कहना है कि आग के कारणों की जांच की जा रही है और किसानों को खेतों में आग न लगाने की सलाह दी गई है। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या मवेशियों के नुकसान की खबर नहीं है।










