सड़क को बनाया निजी पार्किंग, विरोध करने पर मिली मौत की धमकी
- सागर कॉलोनी के रहवासियों का फूटा गुस्सा
- नारायणगंज में बीच सड़क पर अवैध कब्जा और गंदगी से लोग बेहाल
- थाने पहुँचे कॉलोनीवासी
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज मुख्यालय की सागर कॉलोनी के समीप पड़रिया पंचायत के वार्ड क्रमांक 12 में एक व्यक्ति की मनमानी ने कॉलोनीवासियों का जीना मुहाल कर दिया है। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने सार्वजनिक सड़क को अपनी निजी पार्किंग और पानी निकासी का जरिया बना लिया है, जिससे क्षेत्र में रोजाना तनाव और विवाद की स्थिति बन रही है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि उक्त व्यक्ति कभी घर का गंदा पानी सड़क पर बहा देता है, तो कभी बीच रास्ते में वाहन खड़ा कर आवागमन बाधित कर देता है। इस समस्या को लेकर ग्राम पंचायत ने नोटिस भी जारी किया, लेकिन उसका कोई असर नहीं हुआ। जब कॉलोनीवासियों ने विरोध किया, तो उन्हें अपशब्द कहे गए और जान से मारने की धमकियां तक दी गईं।
थाना टिकरिया में दर्ज कराई शिकायत
संबंधित व्यक्ति के अडिय़ल रवैये और धमकियों से तंग आकर कॉलोनीवासी एकजुट होकर थाना टिकरिया पहुँचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। रहवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क से अवैध कब्जा हटाकर गंदा पानी बहाने पर रोक लगाई जाए जिससे आमजन को सुरक्षा और राहत मिल सके। अब क्षेत्रवासियों को पुलिस और प्रशासन की ठोस कार्रवाई का इंतजार है।










