बरिया में श्री संकट मोचन हनुमान जी की हुई प्राण प्रतिष्ठा
तीन दिवसीय अनुष्ठान से भक्तिमय हुआ वातावरण
- वरदान मठ परिसर में विराजे संकट मोचन
- धार्मिक विधि-विधान और भारी जनसमूह के बीच हुई मूर्ति स्थापना
मंडला महावीर न्यूज 29. ग्राम पंचायत केवलारी के दानीटोला रोड स्थित वरदान मठ परिसर में नवनिर्मित हनुमान मंदिर में श्री संकट मोचन हनुमान जी की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। तीन दिनों तक चले इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
बताया गया कि आयोजन के प्रथम दिन गंगा पूजन एवं जलाधिवास का कार्यक्रम संपन्न हुआ। दूसरे दिन अन्नाधिवास, पुष्पाधिवास, फलाधिवास और शय्याधिवास जैसी महत्वपूर्ण धार्मिक रस्मों के बाद विधि-विधान से मूर्ति की स्थापना की गई। आचार्य पंडित राम गोपाल शास्त्री (नीलू महाराज) के सानिध्य में संपन्न हुए इस अनुष्ठान में उप सरपंच देवेंद्र जागेश्वर यादव मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहे।
भंडारे और महाप्रसाद के साथ हुआ समापन
इस पावन अवसर पर क्षेत्रीय विधायक नारायण पट्टा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, सुधीर कांसकार, मुकेश सोनी, बिछिया जनपद सीईओ, और कृषि विस्तार अधिकारी सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने मंदिर पहुँचकर श्री संकट मोचन हनुमान जी के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। भंडारे और महाप्रसाद के वितरण के साथ इस धार्मिक महोत्सव का सफलतापूर्वक समापन हुआ।










