वर्दी और संगीत का अनूठा संगम

Advertisements


पुलिस बैंड भर्ती के लिए युवाओं में जगा उत्साह

6वीं बटालियन की धुनों ने बिखेरा जादू

  • वर्दी और संगीत का अनूठा संगम, रेडक्रॉस में गूंजी राष्ट्रभक्ति
  • युवाओं को पुलिस बैंड में शामिल होने की अपील

मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार और पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश पुलिस आरक्षक (बैंड) भर्ती के प्रति युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए रेडक्रॉस परिसर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान का उद्देश्य जिले के प्रतिभावान युवाओं को पुलिस बल का हिस्सा बनने और संगीत के माध्यम से देश सेवा करने के लिए प्रेरित करना है।बताया गया कि कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 6वीं बटालियन विशेष सशस्त्र बल के पुलिस बैंड दल की प्रस्तुति रही। बैंड के सदस्यों ने जब राष्ट्र भक्ति पर आधारित एक से बढ़कर एक मनमोहक धुनें छेड़ीं, तो पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। सुमधुर धुनों और अनुशासित प्रदर्शन ने उपस्थित युवाओं और आमजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

भर्ती प्रक्रिया की दी गई जानकारी 

इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने युवाओं को भर्ती से जुड़ी तकनीकी और महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। युवाओं को बताया गया कि वे एमपी ऑनलाईन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। बताया गया कि इस भर्ती में 679 आरक्षक बैंड के पद पर भर्ती होनी है। 19 अप्रैल तक आवेदन करने की अंतिम तिथि निश्चित की गई है।

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद 

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा, रक्षित निरीक्षक सुनील नागवंशी, यातायात थाना प्रभारी ललित धुर्वे, सूबेदार योगेश राजपूत, सूबेदार विवेक करोसिया सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे। मंडला पुलिस ने जिले के सभी योग्य और संगीत में रुचि रखने वाले युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि में अपना आवेदन सुनिश्चित करें और मध्यप्रदेश पुलिस परिवार का हिस्सा बनने के इस स्वर्णिम अवसर का लाभ उठाएं।



 

Leave a Comment