अवैध शराब से बर्बाद हो रही युवा पीढ़ी

Advertisements

बीजाडांडी क्षेत्र में अवैध शराब का तांडव

ग्रामीणों ने घेरी सप्लायरों की गाड़ी

  • पुलिस पर मिलीभगत का आरोप
  • सड़क पर गिरी शराब की बोतलें
  • रफूचक्कर हुए तस्कर
  • उदयपुर में अवैध पैकारी के खिलाफ ग्रामीणों ने खोला मोर्चा
  • अवैध शराब पर ग्रामीणों का हंगामा
  • मौके से गाड़ी लेकर भागे तस्कर
  • उदयपुर सरपंच और ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकडऩे की कोशिश
  • पुलिस की मिलीभगत का आरोप, अवैध शराब से बर्बाद हो रही युवा पीढ़ी

मंडला महावीर न्यूज 29. बीजाडांडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत अवैध शराब के फलते-फूलते कारोबार के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे उदयपुर में शराब की खेप लेकर आए सप्लायरों को सरपंच और ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकडऩे की कोशिश की। हालांकि स्थिति को बिगड़ता देख सप्लायर मौके से अपनी चार पहिया गाड़ी लेकर रफूचक्कर होने में कामयाब रहे। इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई लेकिन पुलिस जब तक आती तब तक सप्लायर फरार हो गए थे।ग्रामीणों का आरोप है कि बीजाडांडी जनपद की 42 पंचायतों और 138 गांवों में शराब की एकमात्र लाइसेंस प्राप्त दुकान होने के बावजूद उदयपुर, डोभी, धनवाही, कालपी और पौड़ी जैसे गांवों में चाय-पान के टपरों और किराना दुकानों पर खुलेआम अंग्रेजी शराब बेची जा रही है। ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बीजाडांडी पुलिस की मिलीभगत के कारण यह अवैध धंधा चरम पर है। पुलिस केवल छोटे-मोटे केस बनाकर खानापूर्ति करती है, जबकि मुख्य सप्लायरों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती।

भागते समय सड़क पर गिरी शराब की बोतलें 

घटना के दौरान जब ग्रामीणों और सरपंच ने शराब लेकर आई गाड़ी को घेरा, तो सप्लायर हड़बड़ाहट में गाड़ी भगाने लगे। इस खींचतान में शराब की पेटियों से कुछ बोतलें सड़क पर भी गिर गईं, जिन्हें सप्लायर आनन-फानन में उठाकर भाग निकले। बताया जा रहा है कि वाहन में करीब 10 पेटी अवैध शराब लदी थी।

युवा पीढ़ी हो रही बर्बाद 

बीजेपी मंडल अध्यक्ष और स्थानीय कार्यकर्ताओं का कहना है कि गांव-गांव शराब मिलने से युवा इसके आदी हो रहे हैं, जिसके कारण सड़क दुर्घटनाएं और घरेलू विवाद बढ़ रहे हैं। बताया गया कि पिछले दिनों ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर इस पर रोक लगाने की मांग की थी, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने अब प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि अवैध शराब की बिक्री और सप्लायरों पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे।



 

Leave a Comment