बीजाडांडी में अवैध शराब का तांडव

Advertisements

बीजाडांडी में अवैध शराब का तांडव

पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल

  • भाजपा मंडल अध्यक्ष और सरपंच ने घेरा थाना
  • गांव-गांव बिक रही जहर रूपी शराब
  • आक्रोशित ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
  • उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद पंचायत बीजाडांडी के अंतर्गत आने वाले दर्जनों गांवों में अवैध शराब की खुलेआम बिक्री से ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया है। अवैध शराब के बढ़ते कारोबार और युवा पीढ़ी के नशे की गर्त में डूबने से नाराज भाजपा मंडल अध्यक्ष और बीजाडांडी सरपंच के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पूरे बीजाडांडी जनपद की 42 पंचायतों और 138 गांवों के लिए केवल एक ही शराब दुकान अधिकृत है, जो बीजाडांडी मुख्यालय पर स्थित है। इसके बावजूद उदयपुर, डोभी, धनवाही, मनिकसरा, कालपी, पौड़ी और भैसवाहि जैसे गांवों में चाय-पान के टपरों और किराना दुकानों में बेखौफ होकर अंग्रेजी और देसी शराब बेची जा रही है।

पुलिस की कार्यप्रणाली संदेह के घेरे में 

ग्रामीणों ने सीधे तौर पर बीजाडांडी पुलिस पर मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाए हैं। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि पुलिस केवल दिखावे के लिए कभी-कभार छोटे-मोटे केस बनाकर खानापूर्ति कर देती है, जिससे अवैध विक्रेताओं के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जबलपुर और मंडला से चार पहिया एवं दो पहिया वाहनों के जरिए शराब की बड़ी खेप इन गांवों तक पहुंचाई जाती है, लेकिन मुख्य सप्लायरों तक पहुंचने में पुलिस आज भी नाकाम है।

हादसों और नशे की गिरफ्त में युवा 

नशे के इस अवैध कारोबार के कारण नई उम्र के युवक शराब के आदि हो रहे हैं। शराब पीकर वाहन चलाने के कारण क्षेत्र में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई युवा अपनी जान गंवा चुके हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि शराब की सप्लाई करने वाले मुख्य सरगनाओं पर कार्रवाई की जाए ताकि इस धंधे पर अंकुश लग सके।

ये रहे मौजूद 

ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से भाजपा मंडल अध्यक्ष, बीजाडांडी सरपंच डुमारी लाल कुम्हरे, उपसरपंच राजेश तिवारी, सफर भाईजान, राहुल सिसोदिया, रवि झारिया सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।



 

Leave a Comment