मरम्मत के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति
सिमरिया पहुंच मार्ग के अधूरे कार्य से ग्रामीणों में रोष, दुर्घटनाओं का बढ़ा खतरा
- सड़क पर गड्ढे और झाडिय़ों का अंबार
- प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यों पर सरपंच ने उठाए सवाल
- प्रशासन से गुहार
मंडला महावीर न्यूज 29. फूलसागर-निवास मुख्य मार्ग से सिमरिया पहुंच मार्ग तक प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत कराए जा रहे मरम्मत कार्य में भारी लापरवाही का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कागजों में कार्य पूर्ण दिखाने की कोशिश की जा रही है, जबकि धरातल पर सड़क की स्थिति अभी भी दयनीय बनी हुई है।
ग्राम पंचायत बबलिया माल के सरपंच रूपसिंह पंद्राम ने बताया कि मरम्मत के नाम पर केवल कुछ ही स्थानों पर डामरीकरण किया गया है। सड़क के बड़े हिस्से में अब भी गहरे गड्ढे दिखाई दे रहे हैं। विडंबना यह है कि सड़क के दोनों ओर साइड सोल्डर की सफाई नहीं कराई गई है, जिससे उगी हुई झाडिय़ों के कारण रास्ता संकरा हो गया है।
मुरूम के ढेर दे रहे दुर्घटनाओं को आमंत्रण
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क किनारे कई स्थानों पर मुरूम के ऊंचे ढेर लगा दिए गए हैं, जिन्हें फैलाया नहीं गया है। इन ढेरों के कारण दोपहिया और चार पहिया वाहनों को निकलने में भारी असुविधा हो रही है। रात के अंधेरे में ये ढेर किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।
प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
बबलिया खेरमाई चौराहा से सिमरिया तक के इस महत्वपूर्ण मार्ग की स्थिति को लेकर क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन मंडला से कड़ा आग्रह किया है। ग्रामीणों की मांग है कि संबंधित ठेकेदार और विभाग को निर्देशित कर मरम्मत कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराया जाए, ताकि राहगीरों को आवागमन में राहत मिल सके।









