फालोअप- आश्वासन के बाद भी नहीं हटी शराब दुकान
शराब दुकान के खिलाफ एकजुट हुए नारायणगंज वासी
- नारायणगंज बस स्टैंड पर आक्रोश
- कलेक्टर और आबकारी अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
- महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए दुकान शिफ्ट करने की उठाई मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज मुख्यालय के मुख्य बस स्टैंड परिसर में संचालित देशी-विदेशी कंपोजिट शराब दुकान को हटाने की मांग ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। क्षेत्र के समस्त नागरिकों और राहगीरों ने एकजुट होकर जिला कलेक्टर और मंडला आबकारी अधिकारी को आवेदन देकर शराब दुकान अन्य स्थान पर करनेे की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा पूर्व में दिए गए आश्वासनों के बावजूद अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
जानकारी अनुसार विगत वर्ष 16 सितंबर 2025 को जनसुनवाई के दौरान प्रशासन ने आश्वासन दिया था कि आगामी वित्तीय वर्ष में इस शराब दुकान को वर्तमान स्थान से हटाकर अन्यत्र स्थानांतरित कर दिया जाएगा। लेकिन नया वित्तीय वर्ष प्रारंभ होने के बाद भी दुकान उसी सार्वजनिक स्थल पर संचालित हो रही है, जिससे स्थानीय लोगों में असंतोष व्याप्त है।
सार्वजनिक सुरक्षा और मर्यादा को खतरा
ज्ञापन के माध्यम से नागरिकों ने दुकान के कारण होने वाली विभिन्न समस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहां कि बस स्टैंड एक सार्वजनिक स्थल है जहाँ महिलाओं, स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों और बच्चों का निरंतर आवागमन रहता है। शराबियों के जमावड़े के कारण यहाँ का वातावरण दूषित हो रहा है। दुकान के आसपास असामाजिक तत्वों की उपस्थिति बनी रहती है, जिससे आए दिन अभद्रता और विवाद की स्थितियां निर्मित होती हैं। मुख्य मार्ग और बस स्टैंड परिसर होने के कारण शराब लेने वालों के वाहनों से यातायात भी प्रभावित होता है।
निरीक्षण के बाद की जाएगी कार्रवाई
नारायणगंज के वरिष्ठ नागरिकों ने मंडला आबकारी अधिकारी से मुलाकात कर इस समस्या के निदान की मांग करते हुए उन्हें बताया कि बस स्टेंड में शराब दुकान के पास ही एक धार्मिक स्थल मंदिर भी है, जहां स्थानीय लोग पूजन, अर्चन के लिए प्रतिदिन आते है। नियमानुसार स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, धार्मिक स्थल से करीब 100 मीटर के दायरे में शराब दुकान संचालित नहीं होना चाहिए। नियमों को देखते हुए इस शराब दुकान को जल्द से जल्द अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। आबकारी अधिकारी ने दो दिवस के अंदर मौका स्थल का निरीक्षण करने की बात कहीं है। निरीक्षण के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
त्वरित कार्रवाई की मांग
नारायणगंज के नागरिकों ने विनम्र प्रार्थना की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस शराब दुकान को बस स्टैंड परिसर से तत्काल हटाने के लिए आबकारी विभाग को कड़े निर्देश दिए जाएं। आवेदन सौंपने वालों में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी शामिल रहे।









