बिजली विभाग की लापरवाही से अधर में सुरक्षा
राशि जमा होने के बाद भी नहीं हटाए गए बीटी रोड के विद्युत पोल
- नगर पालिका मंडला का कड़ा रुख
- लाइन शिफ्टिंग में देरी से होने वाली किसी भी दुर्घटना के लिए बिजली विभाग होगा जिम्मेदार
मंडला महावीर न्यूज 29. नगर पालिका मंडला क्षेत्र के अंतर्गत नेहरू स्मारक से बिंझिया तिराहा तक बनाई जा रही बीटी रोड के निर्माण में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। सड़क का निर्माण कार्य तो तेज गति से जारी है, लेकिन मार्ग में बाधक बन रहे विद्युत पोल और ओवरहेड लाइनों को अब तक शिफ्ट नहीं किया गया है। नगर पालिका ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि समय रहते लाइन शिफ्टिंग नहीं हुई, तो भविष्य में होने वाली किसी भी अनहोनी की पूरी जवाबदेही बिजली विभाग की होगी।
लाखों की राशि जमा, फिर भी काम बंद
नगर पालिका द्वारा कायाकल्प 2.0 अभियान के तहत इस मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने जनवरी 2023 में लाइन शिफ्टिंग के लिए लगभग 34 लाख 59 हजार रुपये का प्रोजेक्ट प्रस्तुत किया था। नगर पालिका ने सुपरविजन राशि के रूप में 2,26,344 रुपये पहले ही जमा करा दिए थे। राशि जमा होने के बावजूद विभाग द्वारा तकनीकी स्वीकृति और पोल शिफ्टिंग का कार्य शुरू न करना कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
जनहित में सड़क निर्माण जारी, विभाग को पत्राचार
शहर के विकास और जनता की सुविधा को देखते हुए नगर पालिका की पीआईसी बैठक में निर्णय लिया गया कि बिजली विभाग की सुस्ती के कारण सड़क निर्माण कार्य को रोका नहीं जाएगा। निकाय द्वारा विभाग को कई बार पत्राचार कर कार्य शीघ्र कराने का अनुरोध किया गया, लेकिन ठोस पहल के अभाव में नगर पालिका ने अब लिखित रूप से पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग पर डाल दी है।
दुर्घटनाओं का अंदेशा
स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों में इस लेट लतीफी को लेकर भारी नाराजगी है। नागरिकों का कहना है कि यदि सड़क बनने के बाद पोल बीच मार्ग या असुरक्षित स्थिति में रहते हैं, तो सड़क हादसों की आशंका बनी रहेगी। सड़क पूर्ण होने के बाद यदि दोबारा पोल शिफ्टिंग के लिए खुदाई की जाती है, तो यह सरकारी धन और समय दोनों की बर्बादी होगी।









