सावधान! “गलती से आ गए पैसे” वाला मैसेज हो सकता है बड़ा फ्रॉड
मंडला पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
- फेक रिफंड स्कैम
- बिना बैंक बैलेंस चेक किए पैसे वापस करना पड़ सकता है भारी
- ठगी से बचने अपनाएं ये तरीके
मंडला महावीर न्यूज 29. साइबर अपराधी आजकल आम नागरिकों को ठगने के लिए ‘फेक रिफंड स्कैम’ (Fake Refund Scam) का सहारा ले रहे हैं। मंडला पुलिस की साइबर सेल ने जिले के नागरिकों को आगाह किया है कि “गलती से आपके खाते में पैसे ट्रांसफर हो गए हैं” कहकर फोन करने वाले गिरोह से सावधान रहें। अपराधी फर्जी SMS या व्हाट्सएप स्क्रीनशॉट भेजकर लोगों को भ्रमित कर रहे हैं और भावनात्मक दबाव बनाकर उनके खुद के पैसे अपने खातों में ट्रांसफर करवा रहे हैं।
ठगी के दो बड़े मामले आए सामने
हाल ही में मंडला साइबर सेल में धोखाधड़ी की दो प्रमुख शिकायतें दर्ज की गई हैं:
-
केस 01 (दुकानदार के साथ ठगी): एक अज्ञात व्यक्ति ने दुकानदार को सामान खरीदने के नाम पर एडवांस पैसे भेजने का झांसा दिया। उसने बैंक के मैसेज जैसा दिखने वाला एक फर्जी मैसेज भेजा और कहा कि “गलती से 50 हजार रुपये ज्यादा चले गए हैं, उन्हें वापस कर दें।” दुकानदार ने मैसेज पर भरोसा कर पैसे वापस कर दिए और ठगी का शिकार हो गया।
-
केस 02 (बैंक कर्मचारी भी हुई शिकार): एक महिला बैंक कर्मी को परिचित बनकर कॉल किया गया और कहा गया कि “गलती से 9,000 रुपये आपके खाते में भेज दिए हैं।” फर्जी मैसेज देखकर महिला ने बिना अपना बैंक बैलेंस चेक किए पैसे ट्रांसफर कर दिए। बाद में पता चला कि उनके खाते में कोई पैसा आया ही नहीं था।
अपराधियों का ‘मोडस ऑपरेंडी’ (काम करने का तरीका)
अपराधी सबसे पहले कॉल कर “गलती से पैसे भेजने” का दावा करते हैं। इसके बाद वे एक ऐसा फर्जी SMS भेजते हैं जो बिल्कुल बैंक के असली मैसेज जैसा दिखता है। वे पीड़ित पर भावनात्मक दबाव बनाते हैं कि वे बहुत गरीब हैं या उन्हें तुरंत अस्पताल के लिए पैसों की जरूरत है, ताकि पीड़ित जल्दबाजी में बिना जांच किए UPI या बैंक ट्रांसफर के जरिए पैसे भेज दे।
मण्डला पुलिस की अपील: क्या करें और क्या न करें
मंडला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या मैसेज पर तुरंत भरोसा न करें। ठगी से बचने के लिए इन बातों का ध्यान रखें:
- बैलेंस चेक करें: केवल SMS देखकर विश्वास न करें, अपने बैंक ऐप या पासबुक में जाकर वास्तविक बैलेंस जरूर जांचें।
- जल्दबाजी न करें: भावनात्मक दबाव में आकर तुरंत कोई भी ट्रांजैक्शन न करें।
- सतर्क रहें: किसी भी अनजान व्यक्ति को अपने खाते से पैसे न भेजें।
यहाँ करें शिकायत
यदि आप ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार होते हैं, तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या मण्डला पुलिस हेल्पलाइन नंबर 7049141561 पर संपर्क करें। इसके अलावा आप पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।











