एक साथ उड़े कई घरों के बिजली उपकरण

Advertisements

आकाशीय बिजली का कहर

एक साथ उड़े कई घरों के बिजली उपकरण

  • गुडुम मॉल में बिजली गिरने से घरेलू उपकरण खाक
  • ग्रामीणों को भारी आर्थिक क्षति
  • मुआवजे के लिए दर-दर भटक रहे ग्रामीण
  • बिजली विभाग और पंचायत ने झाड़ा पल्ला, प्रभावितों में भारी रोष

मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत चमरवाही के ग्राम गुडुम मॉल में आकाशीय बिजली गिरने से भारी नुकसान की घटना सामने आई है। क्षेत्र में हो रही बेमौसम बूंदाबांदी और तेज बारिश के दौरान गिरी बिजली ने ग्रामीणों के घरों में लगे विद्युत उपकरणों को पूरी तरह धराशाई कर दिया है।

जानकारी अनुसार ग्राम गुडुम मॉल निवासी प्रताप मरावी के घर के आंगन में लगे बिजली खंबे पर आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी तीव्रता इतनी अधिक थी कि प्रताप के घर की टीवी, पंखे, बोर्ड और वायरिंग सहित बल्ब जलकर राख हो गए। बताया गया कि इतना ही नहीं बिजली गिरने के स्थान से 50 मीटर की दूरी तक इसका असर देखा गया। पंचायत द्वारा लगाई गई लाइटें, ग्रामीण गणपत के घर के पंखे और संतोष चमरू के घर का रिसीवर भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से खराब हो गए।

विभाग और पंचायत कर रही अनदेखी 

घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने सरपंच और बिजली विभाग को फोन के माध्यम से सूचित किया। ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदारों द्वारा संतोषजनक जवाब देने के बजाय यह कहकर पल्ला झाड़ लिया गया कि इस प्रकार के मामले पहले कभी नहीं आए हैं और हमें इसकी जानकारी नहीं है।

मुआवजे की गुहार 

हादसे के कई दिन बीत जाने के बाद भी अब तक न तो बिजली विभाग ने सुध ली है और न ही प्रशासन ने कोई कार्रवाई की है। गरीब ग्रामीण अपने खराब हुए उपकरणों और नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजे की मांग को लेकर भटक रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि तत्काल पंचनामा तैयार कर प्रभावितों को उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।



 

Leave a Comment