नारायणगंज में भीषण आग का तांडव
चार किसानों की गेहूं की पैरा जलकर राख, लाखों का नुकसान
- आग की चपेट में आई गेहूं की ‘खरी’
- जेवरा में मचा हड़कंप
- प्रभावित किसानों ने प्रशासन से की मुआवजे की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज विकासखंड के ग्राम जेवरा (बिगरहा टोला) में भीषण आग लगने से चार किसानों की गेहूं की पैरा (खरी) जलकर पूरी तरह खाक हो गई। जानकारी के अनुसार, कटाई के बाद गल्ले के पास इकट्ठा कर रखी गई पैरा में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की अन्य पैरा को भी अपनी चपेट में ले लिया।
किसानों को भारी आर्थिक क्षति
इस दर्दनाक हादसे में किसान वरकड़े, जागे सिंह, सूरत कुलस्ते और एक अन्य किसान की मेहनत की कमाई जलकर नष्ट हो गई है। बताया गया कि किसानों ने दो दिन पहले ही गेहूं की कटाई के बाद इस पैरा को एकत्र किया था। घटना के दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
दमकल और पुलिस ने पाया काबू
सूचना मिलते ही निवास पुलिस और दमकल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया, जिससे इसे और अधिक फैलने से रोका जा सका।
जांच और मुआवजे की मांग
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रभावित किसानों ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए प्रशासन से उचित मुआवजे की गुहार लगाई है। वहीं, पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।











