नरैनी जंगल में मृत गाय के अवशेष काटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Advertisements

अंजनियां पुलिस की बड़ी कार्रवाई

नरैनी जंगल में मृत गाय के अवशेष काटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

  • भेजे गए जेल
  • गौमांस बेचने की फिराक में थे आरोपी
  • वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने दबोचा
  • क्षेत्र में फैली थी सनसनी

मंडला महावीर न्यूज 29.  चौकी अंजनियां क्षेत्र के अंतर्गत नरैनी जंगल में मृत गाय के अवशेष काटने और मांस निकालने के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। वायरल वीडियो और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

जानकारी अनुसार 3 अप्रैल शुक्रवार दोपहर हरनाही टोला निवासी पशु मालिक मुकेश उइके की एक गाय की मौत हो गई थी। मालिक ने गाय के शव को दफनाने के उद्देश्य से सगोना वाड़ी खेल मैदान के पास रखा था। इसी दौरान दो व्यक्तियों ने मृत गाय को काटकर उसका मांस निकाल लिया और अवशेषों को जंगल में क्षत-विक्षत हालत में छोड़ दिया।

वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

इस घटना का किसी राहगीर ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे पूरे इलाके में तनाव और सनसनी फैल गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए चौकी अंजनियां और चौकी हिरदेनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर मृत गाय का नियमानुसार निस्तारण कराया और आरोपियों की तलाश शुरू की।

आरोपी हुए गिरफ्तारी

शनिवार, 4 अप्रैल को पुलिस ने घेराबंदी कर हिरनाही टोला से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मुकेश दोहरे (निवासी छिवलाटोला) और द्वारका प्रसाद चौधरी (निवासी हर्राभाट, छिवलाटोला) के रूप में हुई है।

पुलिस ने की वैधानिक कार्रवाई

चौकी प्रभारी प्रवीण शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गौमांस बेचने के उद्देश्य से इस कृत्य को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण क्रमांक 166/26 के तहत बीएनएस (BNS) की धारा 271 और 280 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम करने में मदद मिली है।



रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️

Leave a Comment