टिकरिया क्षेत्र में मवेशी चोरों का आतंक
किसान के घर से रातों-रात 3 भैंसें पार
- ग्रामीणों में भारी आक्रोश
- आधी रात खलिहान से मवेशी ले उड़े चोर
- ग्राम चाटी में दहशत का माहौल
- पुलिस गश्त बढ़ाने की उठी मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के थाना टिकरिया अंतर्गत पंचायत घोंटखेड़ा के ग्राम चाटी में मवेशी चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में अज्ञात चोरों ने एक किसान के घर को निशाना बनाते हुए तीन भैंसें चोरी कर लीं। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र के पशुपालकों और किसानों में असुरक्षा और भय का माहौल व्याप्त है।
जानकारी अनुसार ग्राम चाटी निवासी राजकुमार उइके पिता हरिलाल उइके के पास कुल 11 मवेशी थे। 01 अप्रैल की रात राजकुमार ने हमेशा की तरह मवेशियों को पानी पिलाकर घर के पास खलिहान में बांधा था। बताया जा रहा है कि रात करीब 11 बजे के बाद अज्ञात चोरों ने मौका पाकर मवेशियों की रस्सियां खोलीं और तीन भैंसें लेकर फरार हो गए।
सुबह 4 बजे चला पता
घटना का खुलासा तब हुआ जब पीडि़त किसान सुबह करीब 4 बजे मवेशियों को देखने पहुंचा। खलिहान से तीन भैंसें गायब पाकर परिजनों के होश उड़ गए। ग्रामीणों ने आसपास के क्षेत्रों और जंगलों में मवेशियों की काफी तलाश की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिला। पीडि़त किसान ने थाना टिकरिया में आवेदन देकर जल्द एफआईआर दर्ज करने और मवेशियों की बरामदगी की गुहार लगाई है।
पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में मवेशी चोरी का गिरोह सक्रिय है और पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। ठोस कार्रवाई न होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की हैं कि क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। सक्रिय मवेशी चोर गिरोह की पहचान कर सख्त कार्रवाई हो। ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाए। फिलहाल टिकरिया पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन लगातार हो रही इन वारदातों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।









