बीजाडांडी में एनएच-30 बना डेंजर जोन

हादसों का केंद्र बना बीजाडांडी मुख्यालय

राधाकृष्ण मंदिर के पास अनियंत्रित होकर पलटा तेज रफ्तार ट्रक

  • बीजाडांडी में एनएच-30 बना डेंजर जोन
  • बाल-बाल बचे ग्रामीण
  • एक्सीडेंटल जोन में तब्दील हुआ राधाकृष्ण मंदिर मार्ग
  • ग्रामीणों ने की तत्काल स्पीड ब्रेकर की मांग

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के बीजाडांडी ब्लॉक मुख्यालय से गुजरने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग 30 इन दिनों राहगीरों और स्थानीय निवासियों के लिए सफेद हाथी साबित हो रहा है। यहाँ स्थित राधाकृष्ण मंदिर के पास शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक बार फिर एक भारी लोडिंग वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन बार-बार होने वाले इन हादसों ने स्थानीय प्रशासन और एनएचएआई की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी अनुसार जबलपुर से रायपुर की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार लोडिंग ट्रक बीजाडांडी स्थित राधाकृष्ण मंदिर और लोकसेवा केंद्र के बीच अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया। गनीमत यह रही कि हादसा रात के समय हुआ जब सड़कों पर आवाजाही कम थी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यही हादसा दिन के समय हुआ होता, तो कोई बड़ी जनहानि हो सकती थी, क्योंकि हाईवे मार्ग होने के कारण दिन में यहाँ भारी यातायात और लोगों की आवाजाही बनी रहती है।

एक्सीडेंटल जोन बना राधाकृष्ण मंदिर मार्ग 

बताया गया कि बीजाडांडी का यह विशेष हिस्सा अब एक्सीडेंटल जोन में तब्दील हो चुका है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि यहाँ हर दूसरे-तीसरे दिन कोई न कोई वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहा है। विशेष रूप से राधाकृष्ण मंदिर और लोकसेवा केंद्र के बीच का मोड़ वाहनों के लिए काल साबित हो रहा है। लगातार हो रहे इन हादसों से मार्ग किनारे रहने वाले परिवारों में दहशत का माहौल है और वे डर के साये में जीने को मजबूर हैं।

डिवाइडर की बनावट और रफ्तार पर उठ रहे सवाल 

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि हाईवे पर बने डिवाइडर की बनावट तकनीकी रूप से त्रुटिपूर्ण है। जबलपुर की ओर से आने वाले वाहन यहाँ अत्यधिक तेज गति में होते हैं और अचानक आने वाले मोड़ व डिवाइडर के कारण संतुलन खो देते हैं। यही कारण है कि यहाँ आए दिन ट्रक और अन्य भारी वाहन पलट रहे हैं। स्थानीय नागरिकों में इस बात को लेकर गहरा रोष व्याप्त है कि शिकायतों के बाद भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।

ग्रामीणों ने की सुरक्षा उपायों की मांग 

परेशान ग्रामीणों ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। क्षेत्रवासियों ने जिला कलेक्टर और एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारियों से पुरजोर मांग की है कि शारदा मंदिर की तर्ज पर यहाँ भी तत्काल प्रभावी स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सुरक्षा के उपाय सुनिश्चित नहीं किए गए, तो यहाँ किसी भी दिन कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। प्रशासन को जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम उठाने होंगे जिससे बीजाडांडी के नागरिकों को इस डेंजर जोन से मुक्ति मिल सके।



 

Leave a Comment