बीमारी से मृत गौ माता के शव को अज्ञात लोगों ने काटा

Advertisements

अंजनिया में मानवता शर्मसार

बीमारी से मृत गौ माता के शव को अज्ञात लोगों ने काटा

  • पुलिस ने दर्ज किया मामला
  • मृत मवेशियों को खुले में छोड़ना पड़ सकता है भारी
  • नैनपुर क्षेत्र में तनाव
  • पुलिस और हिंदूवादी संगठन अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटे

मंडला महावीर न्यूज 29.  थाना बम्हनी बंजर के अंतर्गत अंजनिया चौकी क्षेत्र के ग्राम हिरनाई टोला (नरैनी माल) में एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। यहाँ एक ग्रामीण की मृत गौ माता के शव के साथ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा की गई अमानवीय हरकत ने क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित कर दी है।जानकारी अनुसार स्थानीय निवासी मुकेश उइके की गौ माता लंबे समय से बीमार थी, जिसने शुक्रवार सुबह दम तोड़ दिया। मुकेश ने गौ माता के शव को दफनाने के उद्देश्य से घर के पास बाड़े के समीप सुरक्षित छोड़ दिया था और स्वयं गड्ढा खुदवाने की व्यवस्था करने चला गया। इसी बीच, मौके का फायदा उठाकर दो अज्ञात व्यक्तियों ने मृत गौ माता के शव को काट डाला। इस पूरी घटना का किसी राहगीर ने वीडियो बना लिया, जो बाद में वायरल हो गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मंडला पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा के निर्देश पर अंजनिया और हृदय नगर की पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। पशु मालिक मुकेश उइके की रिपोर्ट पर अंजनिया चौकी प्रभारी प्रवीण शर्मा ने दो अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला कायम कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के साथ-साथ विभिन्न हिंदूवादी संगठन भी आरोपियों की पहचान करने में सक्रिय हो गए हैं।

सावधानी बरतने की अपील

गौरतलब है कि करीब तीन माह पूर्व ग्राम इटका (नैनपुर) में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी। प्रशासन और सामाजिक संगठनों ने अपील की है कि यदि किसी की गौ माता या मवेशी शांत हो जाते हैं, तो उन्हें सार्वजनिक स्थान पर लावारिस न छोड़ें। ऐसी स्थिति में नगर पालिका, नगर पंचायत या हिंदूवादी दलों से संपर्क करें ताकि उनका अंतिम संस्कार सम्मानपूर्वक किया जा सके। किसी भी मृत पशु को खुले में फेंकना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह सामाजिक शांति को भी भंग कर सकता है।

फिलहाल, पुलिस की मौजूदगी में मृत गौ माता को सम्मानपूर्वक भू-समाधि (मिट्टी) दे दी गई है और स्थिति नियंत्रण में है।



Leave a Comment