नारायणगंज में हनुमान मंदिर के पास शराब दुकान हटाने की मांग
कांग्रेस ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
- धार्मिक आस्था और सुरक्षा पर भारी पड़ती शराब दुकान
- प्रशासन को उग्र आंदोलन की चेतावनी, बस स्टैंड क्षेत्र में तनाव
मंडला महावीर न्यूज 29. स्थानीय बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित देशी-विदेशी शराब दुकान को हटाने की मांग अब जनआंदोलन का रूप लेने लगी है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नारायणगंज के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर दुकान को तत्काल प्रभाव से अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग बुलंद की।
ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया कि उक्त शराब दुकान हनुमान मंदिर के अत्यंत समीप संचालित हो रही है। यहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुँचते हैं, जिन्हें दुकान के पास जमा होने वाले असामाजिक तत्वों के कारण असहजता का सामना करना पड़ता है। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि शराब दुकान के चलते क्षेत्र में आए दिन गाली-गलौज और विवाद की स्थिति बनी रहती है, जिससे महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा खतरे में है।
सार्वजनिक स्थल पर बढ़ती अव्यवस्था
चूँकि बस स्टैंड एक प्रमुख सार्वजनिक स्थल है, जहाँ से सैकड़ों यात्रियों और छात्राओं का आवागमन होता है, शराब दुकान की उपस्थिति यहाँ की शांति भंग कर रही है। पास में ही मुख्य बाजार और शैक्षणिक संस्थान होने के कारण अभिभावकों ने भी अपनी चिंता जाहिर की है।
प्रशासन को आंदोलन की चेतावनी
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजुल ज्योतिषी ने कड़े शब्दों में कहा कि धार्मिक स्थल के पास शराब दुकान का होना जनभावनाओं का अपमान है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने समय रहते दुकान को नहीं हटाया, तो कांग्रेस कमेटी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। तहसीलदार ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए मामले को आबकारी विभाग को भेजने और नियमानुसार उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी, ग्रामीण और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।










