मंडला पुलिस ने विद्यार्थियों को बताया कैसे काम करती है खाकी

थाना-चौकी भ्रमण के जरिए छात्रों ने सीखे कानून के पाठ

मंडला पुलिस ने विद्यार्थियों को बताया कैसे काम करती है खाकी

  • महाराजपुर और हिरदेनगर में पुलिस का जागरूकता अभियान
  • साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों और ‘गुड टच-बैड टच की दी जानकारी

मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के निर्देशन में मंडला पुलिस द्वारा युवाओं को कानून, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करने के लिए एक विशेष पहल की गई। इस अभियान के तहत थाना महाराजपुर और चौकी हिरदेनगर क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम एवं थाना-चौकी भ्रमण का आयोजन किया गया।थाना महाराजपुर द्वारा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला की छात्राओं के लिए विशेष सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान छात्राओं को यातायात नियमों के पालन, विशेष रूप से बिना हेलमेट वाहन न चलाने की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही वर्तमान समय में बढ़ते साइबर फ्रॉड से बचाव और महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी जानकारियां साझा की गईं। कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं और शिक्षकों को थाना महाराजपुर का भ्रमण कराया गया। उन्हें बंदी गृह, थाना प्रभारी कक्ष, मोहर्रिर कक्ष, रीडर शाखा और ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली को करीब से दिखाया और समझाया गया।

चौकी हिरदेनगर में रंगोली और निबंध प्रतियोगिता से बढ़ा उत्साह 

इसी क्रम में चौकी हिरदेनगर पुलिस द्वारा पीएम श्री एकीकृत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नशा मुक्ति अभियान चलाया गया। यहाँ शॉर्ट वीडियो के माध्यम से बच्चों को गुड टच-बैड टच के बारे में जागरूक किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों को पुलिस चौकी का भ्रमण कराकर वहाँ की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। जागरूकता के इस संदेश को रचनात्मक रूप देने के लिए रंगोली और पुलिस कार्यप्रणाली विषय पर निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

सामाजिक जिम्मेदारी का पाठ 

मंडला पुलिस द्वारा इस प्रकार के निरंतर प्रयासों का उद्देश्य भावी पीढ़ी को निडर बनाना और उन्हें कानून की प्रक्रियाओं से अवगत कराना है, जिससे वे एक जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बन सकें।



 

Leave a Comment