मंडला जिला अस्पताल को मिले ईएनटी विशेषज्ञ
आप के सालभर के आंदोलन और जनहित याचिका के बाद मिली बड़ी सफलता
- मरीजों को मिली महानगरों की दौड़ से राहत
- डॉ. सौम्या चौबे और डॉ. सरिता उइके ने जिला चिकित्सालय में संभाला मोर्चा
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला चिकित्सालय मंडला में लंबे समय से बनी विशेषज्ञों की कमी के कारण परेशान हो रहे मरीजों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। आम आदमी पार्टी के निरंतर संघर्ष, आंदोलनों और अंतत: उच्च न्यायालय में दायर जनहित याचिका के दबाव के बाद अस्पताल में कान, नाक और गला विशेषज्ञों की नियुक्ति कर दी गई है। जिला अध्यक्ष पंकज सोनी ने इसे जनता की जीत करार दिया है।
आम आदमी पार्टी वर्ष 2025 की शुरुआत से ही जिला अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के खिलाफ मोर्चा खोले हुए थी। पंकज सोनी ने बताया कि 28 फरवरी 2025 को विशाल रैली और ज्ञापन के बाद भी जब प्रशासन नहीं जागा, तो अगस्त 2025 में कलेक्ट्रेट रोड पर तीन दिवसीय उग्र धरना प्रदर्शन किया गया। तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल की उपस्थिति में सरकार को चेतावनी दी गई, लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही।
प्रशासनिक उदासीनता को देखते हुए पार्टी ने कानूनी रास्ता अपनाया। नवंबर 2025 में नोटिस भेजने के बाद, 7 फरवरी 2026 को माननीय उच्च न्यायालय में जनहित याचिक दायर की गई। न्यायालय की सख्ती और जनदबाव के चलते आखिरकार स्वास्थ्य विभाग को कदम उठाना पड़ा।
दो विशेषज्ञों की हुई नियुक्ति
अब मंडला जिला अस्पताल में डॉ. सौम्या चौबे और डॉ. सरिता उइके को ईएनटी विशेषज्ञ के रूप में नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति से उन हजारों मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा, जिन्हें मामूली उपचार के लिए भी जबलपुर या अन्य महानगरों का रुख करना पड़ता था। विशेषकर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए यह सुविधा मील का पत्थर साबित होगी।
संघर्ष अभी जारी है
पंकज सोनी ने बताया कि यद्यपि ईएनटी डॉक्टर मिल गए हैं, लेकिन पार्टी का लक्ष्य अभी पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि जब तक अस्पताल में कार्डियोलॉजिस्ट, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट और रेडियोलॉजिस्ट जैसे अन्य अनिवार्य विशेषज्ञों की नियुक्ति नहीं हो जाती, तब तक आप का आंदोलन थमेगा नहीं। उन्होंने उन जनप्रतिनिधियों पर भी कटाक्ष किया जो अब इस उपलब्धि का श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि हकीकत में संघर्ष केवल आम आदमी पार्टी ने किया है। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि अब विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत होगी और मरीजों का समय व धन दोनों बचेगा।










