जनजातीय विकास का स्वर्णिम काल

जनजातीय विकास का स्वर्णिम काल

राज्यपाल मंगु भाई पटेल ने कन्हारीकला में बैगा परिवारों को सौंपे दुधारू पशु

  • सिकल सेल एनीमिया मुक्त बनेगा समाज
  • राज्यपाल ने स्वास्थ्य शिविर में डिजिटल कार्ड बांटे
  • आर्थिक सशक्तिकरण का दिया मंत्र

मंडला महावीर न्यूज 29. प्रदेश के राज्यपाल मंगु भाई पटेल ने बिछिया विकासखंड के ग्राम कन्हारीकला में आयोजित मुख्यमंत्री दुधारू पशु प्रदाय योजना एवं स्वास्थ्य शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में उनके साथ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके और पशुपालन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल भी मंचासीन रहे।

राज्यपाल ने मंडला, डिंडौरी और बालाघाट जिले के कुल 94 बैगा हितग्राहियों को मुख्यमंत्री दुधारू पशु प्रदाय योजना के तहत उन्नत नस्ल के पशु प्रदान किए। उन्होंने हितग्राहियों को संबोधित करते हुए कहा कि पशुपालन से प्रतिदिन 500 तक की अतिरिक्त आय अर्जित की जा सकती है। उन्होंने आह्वान किया कि ग्रामीण पहले बच्चों के पोषण के लिए दूध का उपयोग करें और फिर अतिरिक्त दूध बेचकर आर्थिक रूप से सशक्त बनें।

सिकल सेल एनीमिया के विरुद्ध जन-जागरूकता 

स्वास्थ्य शिविर के दौरान राज्यपाल ने सिकल सेल एनीमिया को नियंत्रित करने के लिए समय पर जांच और डिजिटल कार्ड के मिलान पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 1.28 करोड़ लोगों की जांच की जा चुकी है। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि विवाह के समय सिकल सेल डिजिटल कार्ड का मिलान अवश्य करें ताकि आने वाली पीढिय़ों को इस आनुवंशिक बीमारी से बचाया जा सके।

हितलाभ वितरण और अनुभव साझा

समारोह में राज्यपाल एवं मंत्रियों ने विभिन्न योजनाओं के तहत प्रमाण पत्र और चेक वितरित किए। इनमें डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत 11.40 लाख का चेक, सिकल सेल कार्ड, और टीबी फूड बास्केट शामिल रहे। कार्यक्रम में 15 वर्षीय अर्चना यादव ने सिकल सेल के उपचार से स्वास्थ्य में आए सुधार का अपना अनुभव भी साझा किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुति और संवाद 

राज्यपाल ने बैगा जनजातीय नृत्य दल की प्रस्तुति की सराहना करते हुए संस्कृति संरक्षण पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने ग्रामीणों के बीच पहुँचकर बच्चों को दुलार किया और उन्हें बेहतर शिक्षा दिलाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद 

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा, नगर परिषद बिछिया अध्यक्ष श्रीमती रजनी मरावी, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, प्रफुल्ल मिश्रा, जनपद अध्यक्ष बिछिया शकुना उइके, सरपंच श्रीमती शालिनी उइके सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रमुख सचिव पशुपालन उमाकांत उमराव, एमडी एनएचएम डॉ. सलोनी सिडाना, कमिश्नर जबलपुर संभाग धनंजय सिंह, आईजी ललित साक्यवार, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, सीईओ जिला पंचायत शाश्वत सिंह मीना, एसमडीएम बिछिया सुश्री सोनाली देव सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही एवं ग्रामीणजन मौजूद थे।


 

Leave a Comment