रानी दुर्गावती महाविद्यालय में छात्र सुविधाओं को लेकर ABVP का हल्लाबोल, प्राचार्य को घेरा
कैंपस में मूलभूत सुविधाओं का टोटा
- विद्यार्थी परिषद ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
- अवैध ऑटो स्टैंड पर रोक की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के अग्रणी रानी दुर्गावती महाविद्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नगर इकाई ने जमकर प्रदर्शन किया। छात्र हितों की आवाज बुलंद करते हुए परिषद के कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने कहा कि विद्यार्थी परिषद सदैव से ही कैंपस में छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रही है। परिषद का मुख्य उद्देश्य प्रवेश, परीक्षा और परिणाम की प्रक्रियाओं को पारदर्शी और सुगम बनाना है। पिछले कुछ दिनों से छात्र-छात्राओं द्वारा लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि महाविद्यालय में बुनियादी सुविधाओं का भारी अभाव है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन में उठाई गईं प्रमुख मांगें
छात्रों ने अपनी मांगों के माध्यम से प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहां कि महाविद्यालय परिसर में शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। शौचालयों में पानी की नियमित आपूर्ति हो और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा हेतु महाविद्यालय में स्थाई सुरक्षाकर्मियों की नियुक्ति हो। जर्जर हो चुकी कक्षाओं की तत्काल मरम्मत करवाई जाए जिससे कोई अप्रिय घटना न हो। मुख्य गेट के सामने अवैध रूप से खड़े होने वाले ऑटो पर रोक लगाई जाए, जिससे आवागमन बाधित न हो।
आंदोलन की चेतावनी
परिषद ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि ज्ञापन में उल्लेखित मांगों पर समय रहते ठोस संज्ञान नहीं लिया गया, तो विद्यार्थी परिषद भविष्य में उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी। इस प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर मंत्री शिवांग मार्को, रविन्द्र यादव, संदीप, अंकित वरकड़े, प्रवीण चंद्रौल, तन्मय पटेल, विवेक सहित बड़ी संख्या में महाविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।










