महाराजपुर मर्डर मिस्ट्री का 48 घंटे में खुलासा

Advertisements

महाराजपुर मर्डर मिस्ट्री का 48 घंटे में खुलासा

पत्थर से कुचलकर की गई थी प्रभू मरावी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

  • शराब के विवाद में गई जान
  • संदिग्ध अवस्था में मिला था शव
  • पुलिस ने हत्यारे को दबोचा
  • झाडिय़ों में छिपाया गया कत्ल का पत्थर बरामद

मंडला महावीर न्यूज 29. थाना महाराजपुर पुलिस ने ग्राम ऊपरटोला केहरपुर में हुई युवक की संदिग्ध मौत की गुत्थी को महज 48 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी शिवम मरावी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने आपसी विवाद के बाद पत्थर से प्रहार कर प्रभू मरावी की बेरहमी से हत्या कर दी थी।

जानकारी अनुसार 29 मार्च को ग्राम ऊपरटोला केहरपुर निवासी 35 वर्षीय प्रभू मरावी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जब जांच शुरू की और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का विश्लेषण किया, तो पता चला कि मृतक के सिर और छाती पर गंभीर चोटें थीं, जो किसी भारी वस्तु के प्रहार से आई थीं। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

पुरानी रंजिश और शराब का विवाद 

पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के निर्देशन में गठित टीम ने जब संदेही शिवम मरावी 30 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो परतें खुलने लगीं। आरोपी ने कुबूल किया कि 28 मार्च की रात ग्राम बेरटोला में शराब पीने को लेकर मृतक के साथ उसका विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि महाराजपुर लौटने पर आरोपी ने मैदान में पड़े सीमेंट के भारी पत्थर से प्रभू के सिर, सीने और पेट पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

साक्ष्य छिपाने की कोशिश नाकाम 

हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से खून से सने कपड़े और वारदात में इस्तेमाल किया गया पत्थर झाडिय़ों में छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर और कपड़े बरामद कर लिए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है।

इनका रहा सराहनीय भूमिका 

इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करने में एसडीओपी पीयूष मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी डॉ. जयसिंह यादव, उनि भूपेन्द्र अहिरवार, लक्ष्मीचंद बिसेन, भीमराव मेश्राम और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।



 

Leave a Comment