आदेश के बाद भी नहीं हटी बस स्टैंड की शराब दुकान

आदेश के बाद भी नहीं हटी बस स्टैंड की शराब दुकान

मंदिर के सामने जाम से ग्रामीणों में भारी आक्रोश

  • नारायणगंज में पंचायत और ग्राम सभा के प्रस्ताव ठंडे बस्ते में
  • शराब दुकान हटाने की मांग तेज

मंडला महावीर न्यूज 29. नगर के मुख्य बस स्टैंड और प्रसिद्ध हनुमान मंदिर के ठीक सामने संचालित शराब दुकान को लेकर स्थानीय नागरिकों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। हैरानी की बात यह है कि पंचायत और जनपद स्तर पर शराब दुकान हटाने के प्रस्ताव पारित होने के बावजूद प्रशासनिक मशीनरी मौन बैठी है, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।जानकारी अनुसार विगत वर्ष 23 जुलाई 2025 को जनपद पंचायत नारायणगंज की सामान्य सभा की बैठक में प्रस्ताव क्रमांक 13 के तहत सर्वसम्मति से दुकान हटाने का निर्णय लिया गया था। इसके बाद नारायणगंज सीईओ ने संबंधित विभागों को पत्र भी जारी किए थे। इतना ही नहीं 21 अगस्त 2025 को ग्राम पंचायत पड़रिया नारायणगंज की ग्राम सभा में भी इसे हटाने का प्रस्ताव पारित किया गया, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

आस्था और सुरक्षा पर प्रहार 

स्थानीय नागरिकों ने कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि हनुमान मंदिर जैसे पवित्र स्थल के ठीक सामने शराब दुकान का होना न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत करता है, बल्कि बस स्टैंड पर आने-जाने वाली महिलाओं, विद्यार्थियों और यात्रियों के लिए भी असुरक्षा का कारण बना हुआ है। शराबियों की मौजूदगी से सार्वजनिक मर्यादा भंग हो रही है।

प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल 

जब जनप्रतिनिधियों और स्थानीय निकायों ने सर्वसम्मति से दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने का निर्णय ले लिया है, तो आखिर प्रशासन किसके दबाव में कार्रवाई रोक कर बैठा है? यह सवाल अब नगर के हर चौक-चौराहे पर गूँज रहा है। लोगों का कहना है कि प्रशासनिक देरी से क्षेत्र की शांति व्यवस्था कभी भी बिगड़ सकती है।

शीघ्र कार्रवाई की चेतावनी 

क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और आबकारी विभाग से मांग की है कि इस शराब दुकान को तत्काल व्यस्ततम बस स्टैंड क्षेत्र से हटाकर किसी अन्य स्थान पर भेजा जाए। यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो स्थानीय जनता उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।



 

Leave a Comment