महंगाई के खिलाफ बीजाडांडी में गरजी कांग्रेस
विधायक चैन सिंह वरकड़े के नेतृत्व में निकाली विशाल रैली
- बढ़ती बिजली दरों और सिलेंडर की किल्लत पर फूटा आक्रोश
- राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
मंडला महावीर न्यूज 29. बढ़ती महंगाई और आवश्यक सेवाओं की किल्लत के विरोध में निवास विधानसभा क्षेत्र के विधायक चैन सिंह वरकड़े के नेतृत्व में बीजाडांडी ब्लॉक मुख्यालय में विशाल धरना-प्रदर्शन और रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रीय कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।
विधायक चैन सिंह वरकड़े ने रैली को संबोधित करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से रसोई गैस सिलेंडर के दामों में निरंतर हो रही वृद्धि और उसकी अपर्याप्त उपलब्धता, बिजली दरों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी और पेट्रोल-डीजल की कमी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है।
राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
ब्लॉक मुख्यालय में आयोजित इस धरना-प्रदर्शन के बाद एक विरोध रैली निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए तहसील कार्यालय पहुँची। यहाँ महामहिम राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि बिजली और गैस की कीमतों पर तत्काल नियंत्रण किया जाए और ग्रामीण क्षेत्रों में इनकी निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। विधायक चैनसिंह वरकड़े ने चेतावनी दी है कि यदि जनता को राहत नहीं मिली, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।










