15 फीट गहरे गड्ढे में गिरी कार, युवक घायल

रोड कंपनी की बड़ी लापरवाही

रयगांव-इन्द्रा के बीच 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरी कार, युवक घायल

  • बिना बैरिकेडिंग के हाईवे पर खोदा गड्ढा
  • एचटीसी कंपनी की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
  • ग्रामीणों में आक्रोश

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड मोहगांव अंतर्गत ग्राम पंचायत रयगांव और इन्द्रा के बीच सड़क निर्माण कार्य में लगी कंपनी की घोर लापरवाही सामने आई है। यहाँ सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर खोदे गए 15 फीट गहरे गड्ढे में एक कार अनियंत्रित होकर जा गिरी। इस हादसे में कार सवार युवक बाल नारायण पदम (निवासी देवगांव) घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए जिला मुख्यालय के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बिना चेतावनी के खोद दिया गड्ढा

जानकारी अनुसार एचटीसी (HTC) रोड कंपनी द्वारा मंडला से डिंडोरी तक नेशनल हाईवे 543 का निर्माण कार्य किया जा रहा है। बताया गया कि संबंधित स्थान पर पुलिया का काम पहले ही पूर्ण हो चुका था, लेकिन कंपनी ने बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक रात के समय सड़क की दोबारा खुदाई कर दी। मौके पर न तो कोई डायवर्सन बनाया गया और न ही किसी प्रकार के बैरिकेड या चेतावनी बोर्ड लगाए गए, जिसके चलते रात के अंधेरे में कार सीधे गड्ढे में समा गई।

घटिया निर्माण के भी लगे आरोप

स्थानीय ग्रामीणों ने निर्माण कंपनी पर घटिया गुणवत्ता का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार मरम्मत की आवश्यकता इसी वजह से पड़ रही है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण राहगीरों की जान जोखिम में बनी हुई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि संबंधित कंपनी के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए और निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।



Leave a Comment