घुघरी के उमरिया में भीषण सड़क हादसा
तेज रफ्तार डंपर ने बस को मारी टक्कर, 24 से अधिक यात्री घायल
- सड़क निर्माण में लगे डंपर का कहर
- बस के उड़े परखच्चे
- चालक की हालत नाजुक
- ग्रामीणों ने बचाई यात्रियों की जान
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के घुघरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम उमरिया में आज एक हृदय विदारक सड़क दुर्घटना घटित हुई। यहाँ सड़क निर्माण कार्य में लगे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार डंपर ने सवारियों से भरी बस को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में बस में सवार 24 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
टक्कर से बस के उड़े परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर की गति इतनी तेज थी कि टक्कर लगते ही बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस चालक के दोनों पैर टूट गए हैं और उसकी स्थिति अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है। चीख-पुकार मचते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुँचे और राहत कार्य शुरू किया।
ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और पुलिस बल मौके पर पहुँचा। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस कर्मियों ने साहस दिखाते हुए बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सभी घायल यात्रियों को तत्काल एम्बुलेंस और निजी वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) घुघरी में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है।
लापरवाही बनी हादसे का कारण
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क निर्माण कार्य में लगा डंपर यातायात नियमों को ताक पर रखकर तेज गति से दौड़ रहा था, जो इस बड़े हादसे का मुख्य कारण बना। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर मामले की विस्तृत छानबीन शुरू कर दी है। क्षेत्र के नागरिकों ने निर्माण कार्य में लगे भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर अंकुश लगाने की मांग की है।
रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️











