अनियंत्रित होकर हाईवे में पलटा रेत से भरा हाईवा
चालक को आई नींद की झपकी, टला बड़ा हादसा
- बीजाडांडी, उदयपुर मार्ग पर बिछा मौत का जाल
- बेलगाम दौड़ रहे ओवरलोड हाईवा बने मुसीबत
- कार्रवाई के नाम पर प्रशासन मौन
मंडला महावीर न्यूज 29. बीजाडांडी थाना अंतर्गत ग्राम उदयपुर में शनिवार देर रात करीब 2 बजे एक अनियंत्रित हाईवा डिवाइडर से टकराकर सड़क के बीचों-बीच पलट गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त सड़क पर आवाजाही कम थी, वरना एक बड़ी जनहानि हो सकती थी। घटना में हाईवा चालक और कंडक्टर को मामूली चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाईवा रेत से भरा हुआ था और काफी तेज रफ्तार में था। चालक को नींद का झोंका आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर की रेलिंग तोड़ते हुए सड़क पर पलट गया। बताया गया कि यदि हाईवा डिवाइडर से न टकराकर पास ही स्थित ढाबा की ओर पलटता, तो वहां सो रहे लोग काल के गाल में समा सकते थे। हादसे के बाद हाईवा में भरी रेत पूरी सड़क पर फैल गई, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।
नियमों को ठेंगा दिखा रहे ओवरलोड वाहन
क्षेत्र के निवासियों में इन बेलगाम दौड़ते हाईवा को लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि ज्यादा फेरे लगाने के लालच में चालक अपनी नींद पूरी नहीं करते और रात-दिन वाहन दौड़ाते हैं, जो हादसों का मुख्य कारण बन रहा है। हैरानी की बात यह है कि मंडला से उदयपुर तक कई थानों के सामने से ये ओवरलोड हाईवा बेखौफ गुजरते हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इन पर लगाम कसने के बजाय केवल दुपहिया वाहन चालकों पर ही कार्रवाई करने में मुस्तैद नजर आते हैं।
दोपहिया वाहन चालकों की जान जोखिम में
इन ओवरलोड वाहनों से उडऩे वाली रेत अब दोपहिया वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। सड़क किनारे रेत की परतें जम गई हैं और तेज रफ्तार हाईवा से उडऩे वाली रेत चालकों की आँखों में घुसती है, जिससे वे असंतुलित होकर गिर रहे हैं। अभी कुछ दिन पहले भी इसी मार्ग पर एक हाईवा सड़क से 15 फीट नीचे जा गिरा था, फिर भी प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इन बेलगाम और ओवरलोड हाईवा पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए जिससे भविष्य में किसी मासूम की जान न जाए।










