उदयपुर में श्रद्धा के साथ हुआ जवारा विसर्जन
माता के जयकारों से गुंजायमान हुआ नगर, उमड़ा जनसैलाब
- खेरमाई मंदिर से निकली 175 कलशों की भव्य विसर्जन यात्रा
- कन्याभोज और भंडारे के साथ चैत्र नवरात्रि का समापन
मंडला महावीर न्यूज 29. चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर ग्राम उदयपुर स्थित प्रतिष्ठित खेरमाई माता मंदिर में शक्ति की उपासना का पर्व हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। नौ दिनों तक चली विशेष पूजा-अर्चना और अनुष्ठान के बाद 10वें दिन माता के जवारों का भव्य विसर्जन किया गया।
आयोजन समिति द्वारा नवरात्रि के नौवें दिन मंदिर परिसर में भव्यता के साथ माता की उपासना की गई। इस अवसर पर विशाल कन्याभोज और भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। पूरे अनुष्ठान के दौरान ग्राम के सभी समुदायों और वर्गों के लोगों का सराहनीय सहयोग देखने को मिला, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
भव्य विसर्जन यात्रा निकाली
दशमी तिथि को खेरमाई मंदिर से जवारा विसर्जन यात्रा प्रारंभ हुई। लगभग 175 कलश और जवारे लेकर महिलाएं और श्रद्धालु जब मुख्य मार्गों से निकले, तो एक अद्भुत दृश्य निर्मित हो गया। ढोल-नगाड़ों और माता के जयकारों के साथ यह विशाल जनसमूह मंदिर से स्थानीय जलाशय पहुँचा, जहाँ विधि-विधान के साथ जवारों का विसर्जन किया गया।
गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति
इस धार्मिक कार्यक्रम में मुख्य रूप से सरपंच बलदेव परते, उपसरपंच जगदीश यादव, गोविन्द कछवाहा, श्रीचन्द साहू, शंकर मरावी, सोनू कुशराम, तुलसी मरावी और रामनाथ उपस्थित रहे। साथ ही सचिन झिकराम, कमलेश झारिया, रतन नेटी, कमलेश दुबे, रोहित कुशराम, बबलू चक्रवती, अमित श्रीवास्तव, अशोक श्रीवास्तव, राजेंद्र श्रीवास्तव, दस्सी पण्डा, कमल परते सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।









