बबलिया, निवास, बीजाडांडी में भव्य जवारें विसर्जन

आस्था का सैलाब

बबलिया, निवास, बीजाडांडी में भव्य जवारें विसर्जन

  • देवरी कला बबलिया में ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ भव्य जवारा विसर्जन
  • 9 दिनों की कठिन आराधना का समापन
  • खेरमाई मंदिर से निकली कलश यात्रा, भक्तिमय हुआ वातावरण

मंडला महावीर न्यूज 29. चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व पर स्थानीय देवरी कला बबलिया में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। बबलिया के खेरमाई माता मंदिर में स्थापित किए गए जवारों का विधि-विधान से बगीचा तालाब में विसर्जन किया गया।बताया गया कि पिछले 9 दिनों से माता के दरबार में पंडा भरत द्वारा सुबह-सांझ विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती की जा रही थी, जिससे पूरे गांव का वातावरण धर्ममय बना रहा। इस धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में सरपंच देवचरण पद़ाम और उप सरपंच संजय सोनी ने निरंतर सेवा भाव के साथ अपना योगदान दिया। विसर्जन से पूर्व मंदिर परिसर में हवन-पूजन, कन्या भोज और विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया।

निकाली गई भव्य विसर्जन यात्रा 

विधिवत पूजन के बाद लगभग 95 कलश एवं जवारों की टुकना लेकर श्रद्धालु विसर्जन यात्रा पर निकले। ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकते भक्तों की यह टोली बस्ती के मुख्य मार्गों से होते हुए तालाब पहुंची। इस दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने में देवालल पद़ाम, हरि सिंह वरकडे, प्रमोद यादव, मनीष नामदेव, अनिल यादव, चरण नेताम, राजाराम वरकडे सहित समस्त ग्रामवासियों की सराहनीय भूमिका रही।


श्रद्धा और भक्ति के साथ विसर्जित किए गए जवारे

  • पिपरिया में उमड़ा जनसैलाब, माता के जयकारों से गूंजा पिपरिया
  • खेरमाई मंदिर से तालाब तक निकली भव्य जवारा विसर्जन यात्रा

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के निवास तहसील अंतर्गत ग्राम पिपरिया में चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व का समापन हर्षोल्लास और विसर्जन के साथ हुआ। यहाँ स्थापित किए गए जवारों का विसर्जन बड़ी धूमधाम और विधि-विधान के साथ किया गया, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों की अटूट आस्था देखने को मिली।विसर्जन यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं अपने सिर पर जवारे कलश धारण कर माता के भक्ति भाव में झूमती नजर आईं। यह भव्य शोभायात्रा ग्राम के प्रतिष्ठित खेरमाई माता मंदिर से प्रारंभ होकर मुख्य मार्गों से होती हुई ग्राम के तालाब पहुंची।

धूमधाम से हुआ विसर्जन 

बताया गया कि चैत्र नवरात्रि के अवसर पर ये जवारे खेरमाई मंदिर में स्थापित किए गए थे, जहां नौ दिनों तक विशेष पूजन-अर्चन किया गया। विसर्जन के दौरान पूरे मार्ग में माता के जयकारे गूंजते रहे और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन इस दृश्य के साक्षी बने। तालाब तट पर विधि-विधान से पूजन के बाद जवारों का विसर्जन किया गया।


बीजाडांडी में भक्तिमय माहौल, श्रद्धा और सौहार्द का संगम

  • गाजे-बाजे के साथ निकला जवारों का भव्य चल समारोह
  • नौ दिनों की कठिन तपस्या के बाद जवारों का हुआ विसर्जन

मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद मुख्यालय बीजाडांडी में चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। नौ दिनों तक चली शक्ति की उपासना के बाद शनिवार को माता के जवारों का विसर्जन सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया गया।

बताया गया कि चैत्र नवरात्रि के अवसर पर नगर के प्रतिष्ठित खेरमाई माता मंदिर, विजय यादव के निवास और पंडा प्रेम बर्मन के यहाँ जवारे बोए गए थे। इन स्थानों पर कलश स्थापना के साथ ही नौ दिनों तक माता की विशेष आराधना, पूजन और जस-कीर्तन का क्रम अनवरत चलता रहा। प्रतिदिन सुबह-शाम होने वाली महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

भव्य विसर्जन यात्रा 

शनिवार को पंडा प्रेम बर्मन के निवास से जवारों का विसर्जन जुलूस भव्य रूप में निकाला गया। बैंड-बाजे और पारंपरिक धुनों के साथ निकले इस चल समारोह में सैकड़ों की संख्या में माता के भक्त शामिल हुए। नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए विसर्जन यात्रा स्थानीय जलाशय पहुंची, जहाँ विधि-विधान से पूजन के बाद जवारों का विसर्जन किया गया। विसर्जन के दौरान पूरा मार्ग माता के जयकारों से गुंजायमान रहा।



 

Leave a Comment