बिछिया में सजेगा बाबा श्याम का दिव्य दरबार
29 मार्च को द्वितीय वार्षिक भजन संध्या का भव्य आयोजन
- इत्र और पुष्प वर्षा के बीच गूंजेंगे खाटू श्याम के भजन
- जबलपुर और छिंदवाड़ा के कलाकार देंगे प्रस्तुति
मंडला महावीर न्यूज 29. बिछिया नगर के श्री श्याम प्रेमी मित्र मंडल एवं समस्त श्याम प्रेमियों के तत्वावधान में आगामी 29 मार्च रविवार को द्वितीय वार्षिक खाटू श्याम भजन संध्या का भव्य आयोजन होने जा रहा है। स्थानीय जनपद शॉपिंग कॉम्प्लेक्स वेयर हाउस में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।
बताया गया कि इस आयोजन में जबलपुर के मुरली अग्रवाल अपनी टीम के साथ बाबा का दिव्य दरबार और ज्योति लेकर पहुंचेंगे। कार्यक्रम के दौरान बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार कर उन्हें छप्पन भोग लगाया जाएगा। पूरे परिसर में इत्र और पुष्प वर्षा की जाएगी, जो भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र होगी।
भजनों की बयार
भजन संध्या में छिंदवाड़ा के प्रसिद्ध कलाकार शंकर राने अपनी 10 सदस्यीय म्यूजिशियन टीम के साथ भजनों की प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही गायक रूपाली जांघेला, शैफाली शाह, सुनील सत्यार्थी, और आकाश नागवंशी सहित कई अन्य कलाकार अपनी सुमधुर आवाज से समां बांधेंगे।
समिति ने की अपील
आयोजन समिति ने बिछिया नगर और आसपास के क्षेत्र के समस्त नागरिकों से सपरिवार और मित्रों सहित इस दिव्य आयोजन में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। कार्यक्रम की पूर्णता के बाद श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।









