सुरक्षा के कड़े पहरे में रामनवमी

सुरक्षा के कड़े पहरे में रामनवमी

एसपी रजत सकलेचा के निर्देशन में पुलिस बल ने सघन भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

  • मंडला पुलिस ने ड्रोन और सीसीटीवी से कसी कमर
  • शहर से लेकर घाटों तक फ्लैग मार्च
  • शांति और सौहार्द की अपील

मंडला महावीर न्यूज 29. आगामी रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंडला पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। गुरुवार, 26 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के कुशल निर्देशन में कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत नगरीय एवं ग्रामीण इलाकों में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। इस मार्च का मुख्य उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का भाव पैदा करना और पर्व के दौरान कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना था।

इन मार्गों से गुजरा पुलिस का काफिला

फ्लैग मार्च की शुरुआत थाना कोतवाली से हुई, जो रेडक्रॉस, स्टेडियम, जेलघाट, विवेकानंद चौक, रब्बानी चौक, उदय चौक, बुधवारी, रंगरेज घाट, इलाही चौक, पड़ाव, चिलमन चौक, बस स्टैंड, बिंझिया, कटरा, नर्मदा घाट, पॉलिटेक्निक कॉलेज, राजू कॉलोनी, झंडा चौक, चुना भट्टा, ईदगाह, नेहरू स्मारक, रपटा घाट, दादा धानीराम, कारीकोन, आगन तिराहा और बजरंग चौक होते हुए पुनः कोतवाली थाने पर संपन्न हुआ।

ड्रोन और सीसीटीवी से होगी चप्पे-चप्पे की निगरानी

शुक्रवार, 27 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले रामनवमी कार्यक्रमों के लिए जिले भर में चाक-चौबंद सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। पुलिस बल को प्रमुख धार्मिक स्थलों, बाजारों और नर्मदा घाटों पर तैनात किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विशेष आयोजनों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से की जाएगी। इसके साथ ही सोशल मीडिया की गतिविधियों पर भी साइबर सेल कड़ी नजर रख रही है ताकि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना न फैले।

अधिकारियों की रही मौजूदगी

इस फ्लैग मार्च में एसडीएम सोनल सिदाम, एसडीओपी पीयूष मिश्रा, तहसीलदार हिमांशु भलावी, नायब तहसीलदार पुष्पेन्द्र पंद्रे, रक्षित निरीक्षक सुनील नागवंशी, कोतवाली प्रभारी शफीक खान और यातायात प्रभारी ललित धुर्वे सहित भारी संख्या में पुलिस बल उपस्थित रहा।

प्रशासन की अपील

मंडला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे शांति और सौहार्द के साथ त्यौहार मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या लावारिस वस्तु दिखने पर तत्काल डायल 112 या संबंधित थाने में पुलिस को सूचित करें।



Leave a Comment