अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को दबोचा, 10 लाख का मशरूका जब्त

Advertisements

ऑपरेशन क्लीन स्वीप: बिछिया पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को दबोचा

10 लाख का मशरूका जब्त

  • NH-30 पर घेराबंदी कर पकड़ी गई XUV कार
  • यूपी के 3 और डिंडौरी का 1 तस्कर 7 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार

मंडला महावीर न्यूज 29.  जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” के तहत बिछिया पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक सफेद रंग की XUV कार से 7 किलो से अधिक अवैध गांजा जब्त करते हुए चार अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए मादक पदार्थ, वाहन और मोबाइल की कुल कीमत लगभग 9 लाख 86 हजार रुपये आंकी गई है।घटनाक्रम के अनुसार, 25 मार्च 2026 को बिछिया पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई थी कि घुटास की ओर से एक सफेद रंग की महिन्द्रा XUV 300 कार (क्रमांक UP-75-AS-7996) में कुछ संदिग्ध व्यक्ति भारी मात्रा में गांजा लेकर बिछिया की ओर आ रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रंजीत सिंह सैयाम के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

NH-30 पर बिछाया जाल

पुलिस टीम ने कोको रोड स्थित पडरिया तिराहा और नेशनल हाईवे-30 पर सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया। चेकिंग के दौरान ग्राम गुडली के पास संदिग्ध वाहन को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो कार के अंदर से 7.211 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 3.50 लाख रुपये है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

उत्तर प्रदेश और डिंडौरी के हैं आरोपी

पकड़े गए आरोपियों में उमेश सिंह (30 वर्ष) निवासी इटावा (उ.प्र.), अमित उर्फ राजा (18 वर्ष) निवासी डिण्डौरी (म.प्र.), कुलदीप (18 वर्ष) और देवेन्द्र (33 वर्ष) दोनों निवासी कानपुर देहात (उ.प्र.) शामिल हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस तस्करी के नेटवर्क और मुख्य स्रोत का पता लगाया जा सके।

सराहनीय टीम वर्क

इस सफल कार्रवाई में एसडीओपी बिछिया सौरभ तिवारी के मार्गदर्शन में निरीक्षक रंजीत सिंह सैयाम, उप निरीक्षक प्रवीण मालवीय सहित प्रधान आरक्षक अजीत परते, अनिल मर्सकोले, उगेश सरोते और आरक्षक अजय झारिया, अमृत मेरावी, नंदकिशोर, गजरूप, भीकम, तेवेन्द्र व सूर्यचंद बघेल की मुख्य भूमिका रही।



Leave a Comment