माता कात्यायनी शक्ति प्रदर्शन में गूंजी आत्मरक्षा की हुंकार

आर्य शौर्य दल की बेटियों ने पुलिस ग्राउंड में दिखाया दमखम

माता कात्यायनी शक्ति प्रदर्शन में गूंजी आत्मरक्षा की हुंकार

  • भारत की बेटियों का इतिहास शौर्य का स्वर्णिम इतिहास
  • मंत्री संपतिया उइके ने पुलिस ग्राउंड में बढ़ाया शौर्या दल की बालिकाओं का उत्साह


मंडला महावीर न्यूज 29। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर और प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में, मंडला के स्थानीय पुलिस ग्राउंड में आर्य शौर्य दल द्वारा भव्य ‘माता कात्यायनी शक्ति प्रदर्शन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके उपस्थित रहीं।

बेटियों के लिए प्रेरणादायी आयोजन

अपने उद्गार व्यक्त करते हुए मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि आर्य शौर्य दल का यह आयोजन बेटियों के लिए बेहद प्रेरणादायी है। उन्होंने रेखांकित किया कि भारत वर्ष की बेटियों के शौर्य का एक स्वर्णिम इतिहास रहा है। उन्होंने सीमित समय में बालिकाओं के दल द्वारा प्रस्तुत सूर्य नमस्कार, भूमि नमस्कार, सर्वांग व्यायाम तथा आत्मरक्षा के बेहतरीन गुरों के प्रदर्शन की जमकर प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री की मंशा अनुरूप सशक्तिकरण

श्रीमती उइके ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की भी यही मंशा है कि प्रदेश की हर बेटी शौर्यवान बने और विपरीत परिस्थितियों से निपटने में पूरी तरह सक्षम हो। आर्य शौर्य दल की बालिकाओं ने आत्मरक्षा के विविध गुरों का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी इसी क्षमता का परिचय दिया।

गणमान्यजनों की उपस्थिति

इस गरिमामय कार्यक्रम में आचार्य श्री भीमदेव, आचार्य श्री शारदानंद, आचार्य श्री रामदास, आचार्य श्री सच्चिदानंद, प्रफुल्ल मिश्रा, जयदत्त झा, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा, एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम सहित शिक्षा विभाग और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, शौर्या दल की बालिकाएं और बड़ी संख्या में गणमान्यजन मौजूद रहे।



Leave a Comment