कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने चौगान मढिय़ा में की पूजा-अर्चना
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चलित शौचालय और पेयजल व्यवस्था के दिए निर्देश
- चौगान मढिय़ा में आस्था का सैलाब
- कलेक्टर ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
- जवारे विसर्जन के लिए सुरक्षा व स्वास्थ्य इंतजामों के निर्देश
मंडला महावीर न्यूज 29। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चौगान मढिय़ा पहुँचकर माता के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने मढिय़ा में पारंपरिक रूप से बाना, चमिटा और प्रसाद अर्पित कर जिलेवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर जोर
दर्शन के उपरांत कलेक्टर श्री मिश्रा ने मढिय़ा परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को परिसर में तत्काल चलित शौचालय की व्यवस्था करने और स्वच्छ पेयजल की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने मंदिर परिसर में प्रस्तावित सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य की प्रगति के संबंध में भी अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की।
जवारे विसर्जन के लिए पुख्ता इंतजाम
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष मढिय़ा में लगभग 4 हजार जवारे बोए गए हैं। जवारे विसर्जन के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए कलेक्टर ने रामनगर में सुरक्षा और स्वास्थ्य के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विसर्जन के दिन विसर्जन स्थल पर हेल्थ कैंप, एंबुलेंस, टेंट और बैरिकेटिंग सहित अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पूर्व सुनिश्चित करने को कहा है।
अधिकारियों की उपस्थिति
इस भ्रमण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम घुघरी श्री सचिन जैन, तहसीलदार अंजनिया श्री अजय श्रीवास्तव, तहसीलदार घुघरी, सहायक परियोजना अधिकारी श्री कपिल तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।










