रसलगंज में विराजी नगर सेठानी
माँ तारा महाकाली की प्रतिमा स्थापना से भक्तिमय हुआ यज्ञ शाला परिसर
- निवास में देवी भागवत महापुराण की अमृत वर्षा
- 2 अप्रैल को विशाल भंडारे के साथ होगा समापन
मंडला महावीर न्यूज 29. चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर मंडला जिले के निवास नगर स्थित रसलगंज यज्ञ शाला परिसर में भक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। यहाँ नगर सेठानी समिति द्वारा भव्य समारोह के बीच नगर सेठानी माँ तारा महाकाली की प्रतिमा स्थापित की गई है। माता के इस दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए नगर सहित दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुँच रहे हैं।
प्रतिमा स्थापना के साथ ही मंदिर परिसर में देवी भागवत महापुराण का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कथा व्यास द्वारा माता की महिमा का बखान किया जा रहा है, जिसे श्रवण करने के लिए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्त उमड़ रहे हैं। प्रतिदिन सुबह-शाम विशाल महाआरती का आयोजन हो रहा है, जिसके पश्चात विशेष महाप्रसाद का वितरण किया जाता है।
2 अप्रैल को होगा समापन
नगर सेठानी समिति ने बताया कि इस धार्मिक महोत्सव का समापन आगामी 2 अप्रैल को पूर्ण आहुति और विशाल भंडारे के साथ किया जाएगा। आयोजन को लेकर स्थानीय धर्मावलंबियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है और पूरा निवास नगर माता के जयकारों से गुंजायमान है।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे










