अंजनिया की बेटी डॉ सुरभि नामदेव बनीं मेडिकल नोडल ऑफिसर

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में मंडला का मान

अंजनिया की बेटी डॉ सुरभि नामदेव बनीं मेडिकल नोडल ऑफिसर

  • अंजनिया में खुशी की लहर
  • डॉ सुरभि नामदेव को खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स 2026 में बड़ी जिम्मेदारी
  • संभालेंगी खिलाड़ियों की सेहत

मंडला महावीर न्यूज 29। छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाले खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स 2026 में मंडला जिले के अंजनिया क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण आया है। अंजनिया की होनहार बेटी डॉ सुरभि नामदेव को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय खेल आयोजन में मेडिकल ऑफिसर नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनकी इस बड़ी उपलब्धि से समूचे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

छत्तीसगढ़ में सजेगा राष्ट्रीय खेलों का महाकुंभ

जानकारी अनुसार खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स 2026 का भव्य आयोजन छत्तीसगढ़ में आगामी 25 मार्च से 6 अप्रैल तक किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 1069 जनजातीय खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, तीरंदाजी, स्विमिंग और कुश्ती सहित कुल 7 प्रमुख खेलों में मेडल इवेंट आयोजित किए जाएंगे।

संभालेंगी खिलाड़ियों के स्वास्थ्य की कमान

नोडल अधिकारी के रूप में डॉ सुरभि नामदेव पर आयोजन के दौरान देशभर से आए खिलाड़ियों के स्वास्थ्य प्रबंधन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। वे चिकित्सा सुविधाओं, स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं और आपातकालीन सेवाओं की कमान संभालेंगी। डॉ सुरभि को यह प्रतिष्ठित जिम्मेदारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र का सम्मान बताते हुए उन्हें हार्दिक बधाई व शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।



रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️


Leave a Comment