अपर कलेक्टर के औचक निरीक्षण में 28 कर्मचारी मिले नदारद
थमाया नोटिस, मंडला कलेक्ट्रेट में हड़कंप, प्रशासन सख्त
- 55 में से आधे से ज्यादा कर्मचारी मिले अनुपस्थित
- अपर कलेक्टर ने दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश
मंडला महावीर न्यूज 29। प्रशासनिक कार्यों में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न शासकीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस औचक निरीक्षण के दौरान कार्यालयों में भारी अव्यवस्था और कर्मचारियों की अनुपस्थिति देख अपर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी जताई।
शाखाओं में पसरा मिला सन्नाटा
अपर कलेक्टर श्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान राहत शाखा, वित्त शाखा, नजूल एवं भू-अभिलेख शाखा, कोषालय, खाद्य विभाग, खनिज विभाग तथा पंजीयक कार्यालय का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने स्वयं उपस्थिति पंजी (अटेंडेंस रजिस्टर) का मिलान किया, जिसमें चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए।
55 में से 28 कर्मचारी मिले गायब
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि विभिन्न शाखाओं के कुल 55 कर्मचारियों में से 28 कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना या अनुमति के ड्यूटी से अनुपस्थित थे। अपर कलेक्टर ने इसे गंभीर लापरवाही और घोर अनुशासनहीनता माना है।
कड़ी कार्रवाई के निर्देश
अपर कलेक्टर श्री सिंह ने मौके पर ही संबंधित शाखा प्रभारियों को निर्देशित किया कि जितने भी कर्मचारी बिना सूचना के गायब मिले हैं, उन्हें तत्काल ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया जाए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने उपस्थिति पंजी का नियमित संधारण और सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।










