श्री खोडियार माता दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब
भव्य आरती और जयकारों से गुंजायमान हुआ परिसर
- चैत्र नवरात्रि में खोडियार माता दरबार में जुटे अन्य राज्यों के श्रद्धालु
- भक्तिमय आरती के बाद बंटी प्रसादी
मंडला महावीर न्यूज 29. चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व पर संपूर्ण मंडला नगर धर्म और आस्था के रंग में सराबोर है। इसी क्रम में नगर के पड़ाव वार्ड स्थित सुप्रसिद्ध श्री खोडियार माता दरबार में नवरात्रि की पंचमी के अवसर पर भव्य आरती और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। माता रानी के दर्शन के लिए सुबह से ही मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा।
पंचमी के विशेष अवसर पर आयोजित महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर परिसर माता के जयकारों, चौपाइयों और संगीतमय भजनों से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने एक स्वर में माता की महिमा का गुणगान किया और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया। आरती के बाद सभी उपस्थित भक्तों को श्रद्धापूर्वक प्रसादी का वितरण किया गया।
अन्य राज्यों से भी पहुँचते हैं श्रद्धालु
आस्था के प्रमुख केंद्र के रूप में पहचाने जाने वाले श्री खोडियार माता दरबार की ख्याति दूर-दूर तक फैली है। यहाँ नवरात्रि के दौरान न केवल मध्य प्रदेश, बल्कि अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दरबार में माथा टेकने पहुँचते हैं। अनेक वर्षों से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा के कारण यहाँ प्रतिवर्ष रौनक और बढ़ती जा रही है।
धूमधाम से मन रहा पर्व
खोडियार माता दरबार में नवरात्रि का पर्व प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी अत्यंत हर्षोल्लास और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया जा रहा है। आयोजन समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं द्वारा व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखा गया है, जिससे दूर-दराज से आने वाले भक्तों को सुलभ दर्शन प्राप्त हो रहे हैं।










