नन्हे सितारों की ग्रेजुएशन सेरेमनी

Advertisements

नारायणगंज, बीजाडांडी में नन्हे सितारों की ग्रेजुएशन सेरेमनी

  • आंगनवाड़ी से अब स्कूल का सफर शुरू, बांटे गए प्रमाण पत्र
  • पड़रिया और खैरी के बच्चों का धूमधाम से हुआ स्कूल प्रवेश
  • उपहार पाकर खिले चेहरे

मंडला महावीर न्यूज 29. महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के पालन में नारायणगंज परियोजना के अंतर्गत विद्यारंभ प्रमाण पत्र वितरण एवं ग्रेजुएशन सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों में पंजीकृत 5 से 6 वर्ष के बच्चों को प्राथमिक शालाओं में सहज रूप से प्रवेश दिलाना और बाल्यावस्था शिक्षा को सुदृढ़ बनाना है।समारोह के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र पड़रिया क्रमांक 1 से कुमारी शिवांगी सोनी, पड़रिया क्रमांक 2 से राज सिंगरौली व दिवशी रजक, बजरंग टोला से आदित्य यादव और साईं कॉलोनी से एमन अंसारी व वन्या सोनी को सम्मानित किया गया। वहीं खैरी क्रमांक 2 से सूर्यांश, परी व शिवांश चक्रवर्ती और बाजारटोला खैरी से रिद्धिमा सोनी व कुलदीप विश्वकर्मा सहित अन्य बच्चों को विद्यारंभ प्रमाण पत्र के साथ कॉपी, पेन और कंपास जैसे उपहार भेंट किए गए।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन 

कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसकी सभी उपस्थित अतिथियों ने मुक्त कंठ से सराहना की। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह का समापन सभी बच्चों और अभिभावकों को स्वल्पाहार कराकर किया गया।

इनकी रही उपस्थिति 

समारोह में परियोजना अधिकारी, स्थानीय पर्यवेक्षक, ग्राम पंचायत पड़रिया के सरपंच व उप सरपंच, ग्राम पंचायत खैरी के उप सरपंच, प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।


बीजाडांडी आंगनवाड़ी से स्कूल की ओर बढ़े 600 नन्हे कदम, बांटे गए प्रमाण पत्र

  • मगरधा में बच्चों को मिले स्कूल बैग और विद्यारंभ प्रमाण पत्र
  • उत्साह के साथ शुरू हुई स्कूली शिक्षा

मंडला महावीर न्यूज 29. मध्य प्रदेश शासन की शाला-पूर्व शिक्षा को सशक्त बनाने की अनूठी पहल के तहत मंगलवार को बीजाडांडी परियोजना के समस्त आंगनवाड़ी केंद्रों में विद्यारंभ उत्सव का आयोजन किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती शालिनी तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में उन बच्चों को सम्मानित किया गया, जो अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी कर अब औपचारिक स्कूली शिक्षा की मुख्यधारा से जुडऩे जा रहे हैं।परियोजना बीजाडांडी के अंतर्गत लगभग 500 से 600 बच्चों को विद्यारंभ प्रमाणपत्र प्रदान कर विद्यालय के लिए विदा किया गया। यह पहली बार है जब आंगनवाड़ी स्तर पर बच्चों के लिए इस तरह का दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया है, जिससे अभिभावकों और बच्चों में भारी उत्साह देखा गया।

मगरधा में बांटे गए स्कूल बैग 

ग्राम मगरधा के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 2 में आयोजित विशेष कार्यक्रम में 5-6 वर्ष की आयु के बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर नन्ही बालिकाओं को उपहार स्वरूप स्कूल बैग भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी बीजाडांडी सुश्री मनीषा तिवारी, ग्राम पंचायत मगरधा के सरपंच ओंकार सिंह धुर्वे और उपसरपंच ममता मरावी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

पोषण भी, पढ़ाई भी का उद्देश्य 

वक्ताओं ने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्र अब केवल पोषण और देखभाल तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यहाँ पोषण भी, पढ़ाई भी अभियान के तहत खेल-खेल में प्रारंभिक शिक्षा प्रदान की जा रही है। इसका उद्देश्य बच्चों की नींव को इतना मजबूत करना है कि वे प्राथमिक शाला में प्रवेश के समय पूरी तरह से तैयार रहें। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



 

Leave a Comment