मंडला में ब्रेन चाइल्ड एकेडमी प्री-स्कूल का भव्य शुभारंभ
नन्हे सितारों के लिए खुला आधुनिक शिक्षा का द्वार
- पड़ाव वार्ड में शुरू हुई ‘ब्रेन चाइल्ड एकेडमी’
- CRPF कमांडेंट ने किया उद्घाटन
- बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
मंडला महावीर न्यूज 29. बच्चों को उच्च गुणवत्ता वाली प्रारंभिक शिक्षा और संस्कारों से जोड़ने के उद्देश्य के साथ ‘ब्रेन चाइल्ड एकेडमी’ ने अपने नए प्री-स्कूल का शानदार आगाज़ किया है। नर्मदा कॉलोनी (पड़ाव वार्ड), वाटर वर्क्स के सामने प्रारंभ हुए इस संस्थान का उद्घाटन समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री विक्रांत सारंगपानी (कमांडेंट, सीआरपीएफ) रहे। समारोह स्थल पर पहुँचने पर एनसीसी कैडेट्स द्वारा उन्हें सम्मानपूर्वक ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई।
अनुभव और विजन का संगम
स्वागत भाषण देते हुए प्रिंसिपल डॉ. दिव्या शुक्ला ने एकेडमी के विजन पर प्रकाश डाला। उन्होंने मंडला में अपनी पिछली सफल शैक्षिक यात्रा (किड्जी स्कूल) के अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि इस नए प्री-स्कूल का मिशन बच्चों को सुरक्षित वातावरण में आत्मविश्वास, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ विकसित करना है।
हेड शालिनी शुक्ला ने स्कूल की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि यहाँ बच्चों को विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से आधुनिक पद्धति से शिक्षित किया जाएगा। उन्होंने बच्चों की शिक्षा के प्रति अपनी विशेषज्ञता और उत्साह को भी व्यक्त किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
समारोह में नन्हे बच्चों ने गणेश और शिव वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थित सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “कॉलर्स ऑफ लाइफ” थीम पर आधारित फाइनल डांस परफॉर्मेंस रहा, जिसमें जीवन के विभिन्न रंगों को खूबसूरती से दर्शाया गया।
प्रबंधन की संवेदनशीलता की सराहना
मुख्य अतिथि श्री विक्रांत सारंगपानी ने अपने संबोधन में स्कूल प्रबंधन और टीम की सराहना करते हुए कहा कि यहाँ छात्रों की देखभाल अत्यंत भावुक और आत्मीय तरीके से की जाती है। उन्होंने संस्थान के विकास में सदैव सहयोग का आश्वासन दिया। इसके पश्चात उन्होंने रिबन काटकर स्कूल का विधिवत उद्घाटन किया।
इनका रहा सराहनीय योगदान
पूरे समारोह को सफल बनाने में स्कूल समन्वयक राजुल सिंहानी, सोनिया जैन और राशि पमनानी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का समापन उपस्थित अतिथियों के आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।












