अपराध नियंत्रण के लिए मंडला पुलिस का मास्टर प्लान

मंडला एसपी ने ली मासिक समीक्षा बैठक

एनडीपीएस एक्ट पर सख्ती और लंबित अपराधों के त्वरित निराकरण के निर्देश

  • अपराध नियंत्रण के लिए मंडला पुलिस का मास्टर प्लान
  • राहवीर योजना और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी पर दिया विशेष जोर

मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के निर्देशन में पुलिस कंट्रोल रूम में मासिक अपराध समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और लंबित प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए गए।

एसपी रजत सकलेचा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित अपराधों का निराकरण प्रभावी और समयबद्ध तरीके से किया जाए। बैठक के दौरान थाना और चौकी प्रभारियों को माननीय उच्च न्यायालय के नवीनतम निर्णयों के संबंध में आवश्यक तकनीकी प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया, ताकि विवेचना में गुणवत्ता बनी रहे।

एनडीपीएस एक्ट और साइबर सुरक्षा पर फोकस 

पुलिस अधीक्षक ने नशीले पदार्थों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही महिला एवं बाल सुरक्षा अपराधों के प्रति संवेदनशीलता बरतने और त्वरित न्याय सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। डिजिटल ठगी की रोकथाम के लिए विशेष जागरूकता और तकनीकी सतर्कता के निर्देश दिए गए। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आदतन अपराधियों पर अधिक से अधिक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने को कहा गया।

पीएम राहत व राहवीर योजना पर दिया जोर 

सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में पीएम राहत और राहवीर योजना के प्रभावी प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया। एसपी ने निर्देशित किया कि दुर्घटना पीडि़तों के लिए कैशलेस इलाज सुविधा के बारे में आमजन को जागरूक किया जाए जिससे संकट के समय घायलों को तुरंत उपचार मिल सके।

सीसीटीवी और आधुनिक पुलिसिंग 

क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों और सरकारी गोदामों में सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा डायल 112 की प्रभावी उपलब्धता बनाए रखने और सीसीटीएनएस में डेटा की समयबद्ध फीडिंग सुनिश्चित करने के लिए रेडियो प्रभारी को पाबंद किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक पुलिसिंग को सुदृढ़ करने और नियमित वाहन चेकिंग व गश्त बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया।

बैठक में ये रहे मौजूद 

समीक्षा बैठक में एसडीओपी मंडला, निवास, बिछिया, नैनपुर, डीएसपी (एलआर), रक्षित निरीक्षक सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।



 

Leave a Comment