NH-30 पर सड़क हादसे में मजदूर की मौत के बाद भारी हंगामा
शव रखकर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
- तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर ने ली मजदूर की जान
- मुआवजे की मांग को लेकर हाईवे पर घंटों लगा रहा जाम
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला-बालाघाट सीमा पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में घायल मजदूर की मौत के बाद सोमवार को क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने शव को नेशनल हाईवे-30 पर रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे घंटों तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जानकारी अनुसार रविवार शाम शर्मा होटल के पास एक तेज रफ्तार हाइवा ने लकड़ी से भरे ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी थी। इस भिड़ंत में ट्रक में सवार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। झीगरा टोला (मझगांव) निवासी घायल मजदूर इन्द्रेश पन्द्रे को गंभीर हालत में जबलपुर रेफर किया गया था, लेकिन बदकिस्मती से रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

मुआवजे की मांग और प्रदर्शन
मजदूर की मौत की खबर मिलते ही सोमवार को ग्रामीण भड़क उठे। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि भारी वाहनों की लापरवाही और अनियंत्रित गति के कारण इस मार्ग पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन के समक्ष निम्नलिखित मांगें रखीं:
- मृतक के पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपए का उचित मुआवजा दिया जाए।
- दुर्घटना के लिए जिम्मेदार दोषी हाइवा चालक पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
प्रशासनिक समझाइश के बाद खुला जाम
चक्काजाम की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार जमना प्रसाद भगत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों की मांगों को सुना और नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने व दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिया। प्रशासन की लंबी समझाइश के बाद ग्रामीण शांत हुए और शव को सड़क से हटाकर रास्ता खोला गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।












