नवरात्रि पर मातृशक्ति दिखाएगी अपना रण-कौशल

नवरात्रि पर मातृशक्ति दिखाएगी अपना रण-कौशल

  • पुलिस ग्राउंड में होगा माता कात्यायनी शक्ति प्रदर्शन
  • 300 से अधिक बालिकाएं सीख रही हैं लाठी, ढाल-तलवार और कराटे
  • कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके होंगी मुख्य अतिथि

मंडला महावीर न्यूज 29. चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर आर्यवीरांगना दल मंडला द्वारा मातृशक्ति के स्वावलंबन और आत्मरक्षा के संकल्प के साथ एक भव्य आयोजन किया जा रहा है। आगामी 25 मार्च बुधवार को शाम 6 बजे स्थानीय पुलिस ग्राउंड में माता कात्यायनी शक्ति प्रदर्शन का भव्य कार्यक्रम संपन्न होगा। इस आयोजन के माध्यम से समाज को नारी शक्ति के सामथ्र्य का संदेश दिया जाएगा।शक्ति प्रदर्शन के इस विशाल उद्देश्य को पूर्ण करने के लिए वर्तमान में उत्कृष्ट विद्यालय के खेल मैदान पर बालिकाओं और मातृशक्ति का सघन प्रशिक्षण चल रहा है। प्रतिदिन सुबह 6 से 7.30 और शाम 5 से 6.30 बजे तक विशेष प्रशिक्षकों द्वारा लगभग 300 बालिकाओं को कराटे, योग, व्यायाम के साथ पारंपरिक शस्त्रों जैसे लाठी, ढाल और तलवार चलाने का विधिवत अभ्यास कराया जा रहा है।

आत्मरक्षा के लिए किया आह्वान 

इस आयोजन की मुख्य अतिथि प्रदेश की मंत्री श्रीमती संपतिया उइके होंगी। कार्यक्रम में मंडला के विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहकर वीरांगनाओं का उत्साहवर्धन करेंगे। आयोजक संस्था काशी विश्वनाथ वैदिक गुरुकुल जिलहरी घाट, गाजीपुर ने नगरवासियों से अपील की है कि यदि वे अपने परिवार की मातृशक्ति को आत्मरक्षा और परिवार रक्षा में समर्थ बनाना चाहते हैं, तो उन्हें इस चल रहे नि:शुल्क प्रशिक्षण में अवश्य भेजें। इस आयोजन का उद्देश्य न केवल कला का प्रदर्शन है, बल्कि बालिकाओं में आत्मविश्वास और शौर्य का संचार करना भी है।



 

Leave a Comment