मंडला के ग्रामीण क्षेत्रों में गूंजी वित्तीय साक्षरता की गूंज
- आरबीआई के सहयोग से समर्पित संस्था ने चलाई प्रचार गाड़ी
- डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव और बैंकिंग सेवाओं के प्रति ग्रामीणों को किया जागरूक
मंडला महावीर न्यूज 29. भारतीय रिज़र्व बैंक के सहयोग से संचालित सेंटर फॉर फाइनेंशियल लिटरेसी मंडला द्वारा जिले के ग्रामीण अंचलों में वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। लोगों में जागरूकता लाने के लिए समर्पित संस्था के माध्यम से प्रचार गाड़ी को रवाना किया गया, जिसने विभिन्न गांवों में पहुँचकर ग्रामीणों को सुरक्षित बैंकिंग और डिजिटल लेन-देन के गुर सिखाए।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समुदाय, विशेषकर निम्न आय वर्ग के नागरिकों को औपचारिक बैंकिंग प्रणाली की मुख्यधारा से जोडऩा है। प्रचार गाड़ी के माध्यम से ग्रामीणों को बचत की महत्ता, सुरक्षित डिजिटल भुगतान और सरकारी बीमा एवं पेंशन योजनाओं की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
ऑडियो संदेश और कला जत्था के माध्यम से संवाद
प्रचार गाड़ी ने गांव-गांव पहुंचकर ऑडियो संदेशों, सूचना पोस्टरों और पंपलेट वितरण के जरिए ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान बिलासपुर छत्तीसगढ़ से आई कला जत्था टीम ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से मनोरंजन के साथ गंभीर वित्तीय जानकारियां साझा कीं। ग्रामीणों को बताया गया कि कैसे एटीएम और यूपीआई का उपयोग करते समय सावधानी बरतें और साइबर धोखाधड़ी से अपना पैसा बचाएं।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम को सफल बनाने में समर्पित संस्था की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर समर्पित संस्था के प्रमुख पीएल खेरवार, सेंटर इंचार्ज लोकेश तेकाम, आरओ लक्ष्मी पटेल और बीसी शिवप्रसाद नंदा सहित संस्था का पूरा स्टाफ और कलाकार उपस्थित रहे। इस दौरान टीम ने ग्रामीणों को प्रेरित किया कि वे नियमित बचत की आदत डालें और किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी या बैंक विवरण साझा न करें। इस पहल से ग्रामीण समुदाय को वित्तीय रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।










