टीईटी परीक्षा के विरोध में नैनपुर के शिक्षकों का हल्लाबोल

Advertisements

टीईटी परीक्षा के विरोध में नैनपुर के शिक्षकों का हल्लाबोल

  • अनिवार्य सेवानिवृत्ति के प्रावधान पर जताया आक्रोश
  • ट्रायबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन ने भरी हुंकार
  • सड़क से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक लड़ेंगे नौकरी बचाने की लड़ाई

मंडला महावीर न्यूज 29. ट्रायबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन की ब्लॉक इकाई नैनपुर द्वारा नवीन स्कूल में एक महत्वपूर्ण आक्रोश बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में शिक्षक पात्रता परीक्षा की अनिवार्यता और उसके आधार पर दी जा रही अनिवार्य सेवानिवृत्ति की चेतावनी के विरुद्ध शिक्षकों ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की। बैठक में बड़ी संख्या में उपस्थित शिक्षकों ने मध्य प्रदेश सरकार और नए नियमों के विरोध में जमकर नारेबाजी की।एसोसिएशन के ब्लॉक अध्यक्ष अमर सिंह चंदेला ने बताया कि सितंबर 2025 के सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले के बाद देश भर के लाखों शिक्षकों के लिए टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य कर दिया गया है। इस निर्णय से अकेले मध्य प्रदेश के लगभग 1,50,000 शिक्षकों की नौकरी पर संकट मंडरा रहा है, जिन्हें परीक्षा न निकालने पर अनिवार्य सेवानिवृत्ति दी जा सकती है। प्रांतीय प्रवक्ता संजीव सोनी ने स्पष्ट किया कि 2010 के पूर्व नियुक्त शिक्षक इस दायरे में नहीं आते, लेकिन सरकार की गलत नीतियों के कारण आज सभी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।

20-30 साल की सेवा के बाद परीक्षा लेना शिक्षकों का अपमान 

आईटी सेल की प्रांतीय उपाध्यक्ष रश्मि मरावी ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जो शिक्षक दो-तीन दशकों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, उन्हें इस उम्र में पात्रता परीक्षा के लिए मजबूर करना सामाजिक अपमान है। एसोसिएशन ने मांग की है कि मध्य प्रदेश सरकार इस फैसले पर रिव्यू पिटीशन दाखिल करे या केंद्र सरकार अध्यादेश लाकर शिक्षकों को इस मानसिक प्रताडऩा से मुक्ति दिलाए।

विधायक-सांसद का घेराव और कानूनी लड़ाई का संकल्प 

एसोसिएशन ने अपनी आगामी रणनीति साझा करते हुए कहा कि सरकार पर दबाव बनाने के लिए स्थानीय विधायकों और सांसदों का घेराव कर ज्ञापन सौंपा जाएगा। प्रांताध्यक्ष डीके सिंगौर के नेतृत्व में सुप्रीम कोर्ट में मल्टीपल पिटीशन दाखिल कर साक्ष्यों के साथ अपना पक्ष रखा जाएगा। महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष अनुपमा तिवारी और अन्य पदाधिकारियों ने सभी शिक्षकों से आह्वान किया है कि जब भी आंदोलन की पुकार हो, सभी बिना संकोच के सड़क पर उतरें।

इनकी रही उपस्थिति 

बैठक में जिला उपाध्यक्ष हरिओम सिरोठिया, सह सचिव हीरालाल सेन, मुरलीमनोहर कौशल सहित ब्लॉक के सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक सचिव नफीस खान ने सभी का आभार व्यक्त किया और संगठन की जीत का भरोसा दिलाया।



 

Leave a Comment