मंडला में गूँजेगा लौह पुरुष की एकता का संदेश
24 मार्च को प्रवेश करेगी सरदार पटेल एकता रथ यात्रा
- अंजनिया इंदिरा चौक पर होगा भव्य स्वागत
- रथ में प्रदर्शित होंगी पटेल के जीवन से जुड़ी ऐतिहासिक वस्तुएं
मंडला महावीर न्यूज 29. भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही सरदार पटेल एकता रथ यात्रा आगामी 24 मार्च को मंडला जिले में प्रवेश करेगी। गुजरात के अहमदाबाद से प्रारंभ हुई यह यात्रा राष्ट्र की एकता और अखंडता का संदेश लेकर जन-जन तक पहुँच रही है। यात्रा के स्वागत को लेकर अंजनिया सहित जिले के विभिन्न अंचलों में उत्साह का माहौल है और कुर्मी समाज द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
नैनपुर से होगी एंट्री, अंजनिया में निकलेगी वाहन रैली
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह रथ यात्रा 24 मार्च को सुबह करीब 10 बजे जिले की सीमा नैनपुर पहुँचेगी। विभिन्न पड़ावों से होते हुए यात्रा दोपहर लगभग 3 बजे अंजनिया के इंदिरा चौक पहुँचेगी, जहाँ समाज के पदाधिकारियों और नागरिकों द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद अंजनिया में एक विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी, जो फूटाताल बाईपास मार्ग से होते हुए मंडला की ओर प्रस्थान करेगी।
रथ में होंगे सरदार पटेल के दुर्लभ स्मृतियों के दर्शन
इस यात्रा का मुख्य आकर्षण रथ में प्रदर्शित सरदार पटेल के जीवन से जुड़ी ऐतिहासिक वस्तुएं हैं। श्रद्धालु और आमजन उनके कारावास के दौरान उपयोग की गई सामग्री जैसे टिफिन और पानी पीने का लोटा, उनकी चरण पादुका (चप्पल), ऐतिहासिक संदूक (पेटी), सम्मान पत्र और अशोक चिन्ह जैसे इन दुर्लभ वस्तुओं के दर्शन कर लोग सरदार पटेल के संघर्षमयी जीवन और उनके आदर्शों से प्रेरणा ले सकेंगे।
कुर्मी समाज की बैठक में बनी रणनीति
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रविवार को अंजनिया में कुर्मी समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वागत सत्कार, सुरक्षा और रैली के मार्ग को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। समाज के पदाधिकारियों ने आह्वान किया है कि केवल कुर्मी समाज ही नहीं, बल्कि जिले के समस्त नागरिक इस राष्ट्रीय एकता की यात्रा में सहभागी बनें। नैनपुर, बम्हनी बंजर, अंजनिया, महाराजपुर और मंडला सहित जिले के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी स्वागत की तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। इस यात्रा का उद्देश्य सरदार पटेल के विचारों को युवा पीढ़ी तक पहुँचाना और देश की एकता को और अधिक मजबूत करना है।
मंडला में गूँजेगा ‘एकता’ का संदेश: 24 मार्च को प्रवेश करेगी सरदार पटेल एकता रथ यात्रा
- अहमदाबाद से शुरू हुई यात्रा में होंगे लौह पुरुष की दुर्लभ स्मृतियों के दर्शन
- कुर्मी समाज ने पूरी की स्वागत की तैयारियां
मण्डला। भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में गुजरात के अहमदाबाद से प्रारंभ हुई ‘एकता रथ यात्रा’ का आगामी 24 मार्च (मंगलवार) को प्रातः 10:00 बजे मण्डला जिले की सीमा नैनपुर में भव्य आगमन होगा। राष्ट्र की एकता और अखंडता का संदेश लेकर चल रही यह यात्रा मण्डला के विभिन्न अंचलों से होकर गुजरेगी।
इस यात्रा का मुख्य आकर्षण रथ में प्रदर्शित सरदार पटेल के जीवन से जुड़ी ऐतिहासिक वस्तुएं हैं। श्रद्धालु और आमजन उनके कारावास के दौरान उपयोग की गई सामग्री जैसे टिफिन, पानी पीने का लोटा, चरण पादुका, संदूक और उन्हें उपहार स्वरूप प्राप्त 3 किलो स्वर्ण का अशोक चिन्ह एवं सम्मान पत्रों के साक्षात् दर्शन कर सकेंगे।
कार्यक्रम की सफलता हेतु कुर्मी समाज विकास संगठन मण्डला की बैठक बिन्दिया स्थित सामाजिक मंगल भवन में संपन्न हुई, जिसमें यात्रा के भव्य स्वागत की रूपरेखा तैयार की गई। नैनपुर, बम्हनी बंजर, अंजनिया और महाराजपुर में विभिन्न संगठनों व समुदायों द्वारा स्वागत की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। संगठन ने समस्त नागरिकों से इस ऐतिहासिक अवसर पर गरिमामयी उपस्थिति की अपील की है।










