मंडला जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी

Advertisements

मंडला जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी

कोर्ट की ऑफिशियल ईमेल आईडी पर आया खौफनाक संदेश

  • दक्षिण भारतीय भाषा में लिखा मिला धमकी भरा ईमेल
  • डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर को घेरा

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिला न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद रविवार को पूरे शहर में हड़कंप मच गया। यह सनसनीखेज धमकी कोर्ट की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजी गई थी। ईमेल की जानकारी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं और पूरे न्यायालय परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया।बताया गया कि धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस बल, डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ता तुरंत मौके पर पहुँचे। सुरक्षा बलों ने पूरे कोर्ट परिसर की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। न्यायालय के चप्पे-चप्पे, कमरों और पार्किंग एरिया की बारीकी से जांच की जा रही है जिससे किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

दक्षिण भारतीय भाषा में मिला ईमेल, जांच जारी 

कोतवाली थाना प्रभारी शफीक खान ने बताया कि धमकी भरा यह ईमेल किसी दक्षिण भारतीय भाषा में लिखा गया है। पुलिस की साइबर सेल और विशेष टीमें अब इस ईमेल के सोर्स का पता लगाने में जुट गई हैं। हालांकि रविवार होने के कारण कोर्ट में सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ कम थी, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर परिसर की घेराबंदी बढ़ा दी गई है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम 

एहतियात के तौर पर जिला कोर्ट परिसर की सुरक्षा को चाक-चौबंद कर दिया गया है। वहां आने-जाने वाले हर संदिग्ध व्यक्ति पर पैनी नजर रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।



 

Leave a Comment