घरेलू विवाद में पोते ने की दादा की हत्या
टिकरिया पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
- गुप्तांग पर चोट पहुँचाने से हुई बुजुर्ग की मौत
- पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में 24 घंटे के भीतर कार्रवाई
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के थाना टिकरिया अंतर्गत ग्राम हर्राटीकुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ घरेलू विवाद के चलते एक युवक ने अपने ही रिश्ते के दादा की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी अनुसार घटना 19 मार्च की रात लगभग 09.30 बजे की है। ग्राम हर्राटीकुर निवासी सुमित कुलस्ते 21 वर्ष का अपने रिश्ते के दादा मुन्नालाल कुलस्ते के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आवेश में आकर सुमित ने बुजुर्ग मुन्नालाल के साथ जमकर मारपीट की। मारपीट के दौरान बुजुर्ग के गुप्तांग में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
पुलिस ने घेराबंदी कर किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के निर्देशन में टिकरिया पुलिस ने मामला दर्ज किया। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पांडे के नेतृत्व में टीम गठित की गई और आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए 21 मार्च को आरोपी सुमित कुलस्ते को उसके गाँव से ही धर दबोचा। आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है।
कार्यवाही में ये रहे शामिल
इस अंधे कत्ल का खुलासा करने और आरोपी को पकडऩे में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पांडे, उपनिरीक्षक पंकज बिष्ट, सहायक उपनिरीक्षक नारायण ताराम, प्रधान आरक्षक अभिषेक मिश्रा, शिवकुमार मरावी, पीयूष यादव, आरक्षक प्रकाश जंघेला एवं दीपक द्विवेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











