आधुनिक स्विमिंग पूल का लोकार्पण और एक्वा एरोबिक्स का आगाज

मंडला में खेलों को नई उड़ान

आधुनिक स्विमिंग पूल का लोकार्पण और एक्वा एरोबिक्स का आगाज

  • मंत्री संपतिया उइके ने संचालन के लिए दी 7 लाख की ग्रांट
  • खिलाड़ियों को महानगरों जैसी मिलेंगी सुविधाएं

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की गई है। पुलिस लाइन स्थित ‘राजा रघुनाथ शाह-कुंवर शंकर शाह स्मृति स्विमिंग पूल’ का नवीनीकरण के पश्चात भव्य लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री (पीएचई) श्रीमती संपतिया उइके एवं सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

7 लाख रुपये का अनुदान और निःशुल्क प्रशिक्षण की घोषणा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि यह स्विमिंग पूल उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए एक बेहतरीन मंच साबित होगा। उन्होंने पूल के सुचारु संचालन के लिए 7 लाख रुपये के अनुदान की घोषणा की। साथ ही, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के चयन के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें निःशुल्क प्रशिक्षण देने की बात भी कही। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिला प्रशासन खिलाड़ियों को हर संभव आधुनिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

महानगरों जैसी सुविधाओं से लैस होगा मंडला

सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने अपने संबोधन में कहा कि अब मंडला के खिलाड़ियों को तैराकी के अभ्यास के लिए बड़े शहरों की ओर नहीं देखना पड़ेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस सौगात से स्थानीय तैराक राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करेंगे। कार्यक्रम में नन्हें खिलाड़ी अभिनव ने अतिथियों का स्वागत किया।

प्रशासनिक प्रयासों से साकार हुई परियोजना

स्विमिंग पूल के नवीनीकरण और इसे पुनः क्रियाशील बनाने में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा के सतत प्रयासों की सराहना की गई। लोकार्पण के साथ ही यहाँ ‘एक्वा एरोबिक्स’ जैसी आधुनिक फिटनेस गतिविधियों की भी शुरुआत की गई है, जो स्वास्थ्य के प्रति जागरूक नागरिकों के लिए आकर्षण का केंद्र होगी।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

समारोह में नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, श्री जयदत्त झा, जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना, जिला खेल अधिकारी श्री विकास खराड़कर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, कोच और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन खेल अधिकारी द्वारा किया गया।



Leave a Comment